जन समस्याओं को लेकर भाजपा और झामुमो का शक्ति प्रदर्शन, उपायुक्त कार्यालय पर गरजे दोनों दल

 

जमशेदपुर, 7 मई (रिपोर्टर) : शहर में बुधवार को राज्य की दो प्रमुख राजनीतिक पार्टियों, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अलग-अलग जन समस्याओं को लेकर उपायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया. एक ही दिन दोनों दलों के प्रदर्शन को राजनीतिक हलकों में शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है. दोनों पार्टियों ने अपने-अपने मुद्दों को लेकर राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधा तथा समर्थकों के साथ सडक़ों पर उतरकर विरोध दर्ज कराया.
इस कड़ी मेें भाजपा ने राज्य में बढ़ती बिजली कटौती, पेयजल संकट और जन सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला. भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही विभिन्न इलाकों से पहले जिला कार्यालय पहुंचे, वहीं से रैली के रुप में उपायुक्त कार्यालय पहुंचे. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की भी भागीदारी रही. प्रदर्शन का नेतृत्व राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने किया. उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि गर्मी के इस मौसम में जनता बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, लेकिन सरकार समस्याओं के समाधान के बजाय केवल घोषणाओं में व्यस्त है. प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मिट्टी की हांडी लेकर विरोध जताया. उनका कहना था कि बिजली नहीं रहने के कारण लोग पुराने दौर की तरह जीवन जीने को मजबूर हो गए हैं.
दूसरी ओर सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बढ़ती महंगाई, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों और केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया. झामुमो कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर पहुंचे तथा केंद्र सरकार विरोधी नारे लगाए. प्रदर्शन में पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और कई पूर्व पार्षद शामिल हुए. प्रदर्शन को प्रतीकात्मक रूप देने के लिए झामुमो कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर के बजाय लकड़ी जलाकर चाय बनाई. झामुमो नेताओं ने केंद्र सरकार पर जनता को राहत देने में विफल रहने का आरोप लगाया और कहा कि महंगाई ने आम लोगों का जीवन कठिन बना दिया है.
बाद में दोनों दलों के प्रतिनिधिमंडल ने अपने-अपने मुद्दों से संबंधित मांगपत्र प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपे. प्रदर्शन के दौरान उपायुक्त कार्यालय परिसर के बाहर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. पुलिस बल की तैनाती के बीच दोनों दलों का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.

बिजली-पानी संकट को लेकर भाजपा का ‘हल्ला बोल’
(फोटो – इस्पात में बीजेपी प्रदर्शन

भाजपा के प्रदर्शन में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. इसका नेतृत्व पार्टी के महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने किया.
मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए रघुवर दास ने बागबेड़ा वृहद जलापूर्ति योजना के अबतक पूरा नहीं किए जाने पर राज्य सरकार को घेरा. कहा कि इस महत्वकांक्षी योजना की शुरुआत वर्ष 2015 में उनके ही कार्यकाल में हुई, परंतु इतने लंबे समय बीतने के बाद भी यह योजना सरकार की अनदेखी के कारण अधर में लटकी हुई है. इसकारण हजारों लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर सहित पूरे राज्य में बिजली की आंख मिचौली से जनता त्रस्त है.
प्रदर्शन में देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, रामबाबू तिवारी, नंदजी प्रसाद, दिनेश कुमार, गुंजन यादव, मिथिलेश सिंह यादव, मनोज सिंह, राजन सिंह, कुलवंत सिंह बंटी, कल्याणी शरण, जटाशंकर पांडेय, राजेश कुमार शुक्ल, नीरज सिंह, दुलाल भुइयां सहित काफी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे.

प्रदर्शन में शामिल हुए काले, बुलंद की आवाज

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले आज भाजपा महानगर द्वारा उपायुक्त कार्यालय पर पेयजल संकट एवं अघोषित बिजली कटौती के विरोध में आयोजित विशाल प्रदर्शन में शामिल होकर जनता की आवाज बुलंद की. उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की बहनों द्वारा खाली घड़े फोडक़र किया गया विरोध जनता के आक्रोश और पीड़ा का प्रतीक है. जनता को राहत देना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है. भारतीय जनता पार्टी जनता के अधिकारों के लिए सडक़ से सदन तक संघर्ष करती रहेगी.

महंगाई-गैस सिलेंडर की कीमतों के खिलाफ झामुमो का प्रदर्शन

बढ़ती महंगाई, गैस सिलेंडर की आसमान छूती कीमतों और रेलवे की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ झामुमो जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में उपायुक्त कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया गया, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए. प्रदर्शन के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ अनोखे ढंग से अपना रोष प्रकट किया. सैकड़ों महिला कार्यकर्ता सिर पर लकड़ी का बोझा ढोकर पहुंचीं, वहीं जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन स्वयं पारंपरिक पोशाक में कंधे पर लकड़ी लेकर चले. यह प्रतीकात्मक विरोध रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के कारण आम जनता की मजबूरी को दर्शाने के लिए था.
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति ने किया. झामुमो नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने महंगाई पर लगाम नहीं लगाई और जन समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो आनेवाले दिनों में यह आंदोलन और भी व्यापक रूप लेगा. मौके पर झारखंड आंदोलनकारी मोहन कर्मकार, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, पूर्व सांसद सुमन महतो, केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल सारंगी, पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, बाघराय मार्डी, सुनील महतो, आस्तिक महतो, आदित्य प्रधान, पिंटू दत्ता, जिला सचिव रतन महतो, प्रमोद लाल सहित अन्य मौजूद थे.

Share this News...