नाले से कालोनी परिसर में पहुंचा व्यक्ति, 50 मीटर अंदर से सुरक्षित निकाला गया

 

कालोनीवासियों की सतर्कता से बची जान

जमशेदपुर 7 मई संवाददाता शहर में गुरुवार शाम एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जब डिमना रोड में एक व्यक्ति एक मरीज रहस्यमय परिस्थितियों में गहरे नाले में उतर गया और करीब 50 से 60 मीटर अंदर एक कॉलोनी परिसर तक पहुंच गया। वहां लोगों की सतर्कता से उसकी जान बच सकी।
मिली जानकारी के अनुसार, सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र निवासी रूप सिंह का इलाज डिमना रोड स्थित एक अस्पताल में चल रहा था। वहां से उसकी छुट्टी हो गई थी। बताया जाता है कि आस्था स्पेस सिटी के पास से सटे एक नाले में वह किसी तरह घुस गया। यह नाला विजय ग्रीन कॉलोनी परिसर के नीचे से गुजरते हुए कालिका नगर के बड़े नाले में जाकर मिलता है।
करीब 50 मीटर आगे बढऩे के बाद मरीज को ऊपर बने मैनहोल से हल्की रोशनी दिखाई दी। घबराए व्यक्ति ने वहां से जोर-जोर से आवाज लगानी शुरू की। उसी दौरान कॉलोनी के कुछ लोगों की नजर मैनहोल के नीचे फंसे व्यक्ति पर पड़ी। लोगों ने तुरंत मैनहोल पर लगी लोहे की जाली तोड़ी और काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला।
बाहर आने के बाद व्यक्ति कुछ देर तक बदहवास हालत में बैठा रहा। कॉलोनीवासियों ने तत्काल इसकी सूचना उलीडीह थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस व्यक्ति को अपने साथ ले गई और बाद में उसे सुरक्षित पहुंचा दिया गया।
हालांकि व्यक्ति किन परिस्थितियों में नाले में घुस गया, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं होने के कारण वह घटना के बारे में ठीक से कुछ बता नहीं पाया।

Share this News...