हल्दीपोखर रेलवे साइडिंग में व्यापक प्रदूषण की शिकायत पर एनजीटी की टीम ने की जांच, एडीसी ने एक किमी क्षेत्र में पैदल घूमकर देखी प्रदूषण की स्थिति

रिपोर्ट मिलते ही एनजीटी को भेजी जाएगी

पोटका : हल्दीपोखर पूर्वी पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज द्वारा हल्दीपोखर रेलवे साइडिंग से फैल रहे प्रदूषण को लेकर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी), प्रधान न्यायपीठ, नई दिल्ली के रजिस्ट्रार के समक्ष की गई शिकायत के आलोक में शनिवार को एनजीटी के निर्देश पर गठित टीम ने स्थल निरीक्षण कर स्थिति की जांच की। टीम की अध्यक्षता जिला के अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी ने की।जांच टीम में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय पदाधिकारी जितेंद्र प्रसाद सिंह, रेलवे के एसीएम आशुतोष कुमार सिंह, सीनियर इंचार्ज संतोष प्रसाद, डीएसपी मुसाबनी रोहित कुमार राजवार तथा अंचल अधिकारी निकीता बाला शामिल थीं। टीम ने करीब एक किलोमीटर के दायरे में फैले रेलवे साइडिंग क्षेत्र का पैदल निरीक्षण किया और कोयला एवं लौह अयस्क समेत अन्य खनिजों के लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान उत्पन्न हो रही धूल एवं प्रदूषण की स्थिति का जायजा लिया।
मुखिया की शिकायत में वर्ष 2022 में साइडिंग शुरू होने के बाद से पेड़-पौधों एवं कृषि पर प्रतिकूल प्रभाव, कोयला चूर्ण उड़ने से आसपास के चार विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं तथा हजारों ग्रामीणों को हो रही परेशानी, साइडिंग व धर्मकांटा के कारण दुर्घटनाओं में वृद्धि तथा तालाब, कुआं एवं अन्य जलस्रोतों के प्रदूषित होने समेत कई गंभीर बिंदुओं को उठाया गया है। शिकायत में साइडिंग में निर्धारित पर्यावरणीय मानकों का पालन नहीं किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
निरीक्षण के दौरान टीम अध्यक्ष एडीसी अनुराग तिवारी ने विभिन्न बिंदुओं की मौके पर जांच की। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान साइडिंग क्षेत्र में प्रदूषण की स्थिति पाई गई। इसके बाद उन्होंने प्रदूषण से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट क्षेत्रीय पदाधिकारी जितेंद्र प्रसाद सिंह, रेलवे स्टेशन से चारों विद्यालयों की वास्तविक दूरी की रिपोर्ट अंचल अधिकारी निकीता बाला तथा रेलवे साइडिंग के प्रस्ताव से संबंधित रिपोर्ट रेलवे पदाधिकारी से मांगी है। साथ ही साइडिंग को प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए प्रस्तावित उपायों की रिपोर्ट संबंधित कंपनी पदाधिकारी को शीघ्र जिला समाहरणालय में जमा करने का निर्देश दिया गया।

सभी विभागों के जांच रिपोर्ट एनजीटी को सौंपी जाएगी : एडीसी

एडीसी ने कहा कि मुखिया देवी कुमारी भूमिज की शिकायत के आलोक में एनजीटी न्यायालय द्वारा जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को अपनी-अपनी विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र जमा करने का निर्देश दिया गया है। सभी रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद समेकित रिपोर्ट एनजीटी न्यायालय को सौंपी जाएगी।मौके पर शिकायतकर्ता मुखिया देवी कुमारी भूमिज, जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल, भाजपा नेता गणेश कुमार सरदार, उत्पल बोस, पोल्टू मंडल, ग्राम प्रधान मो. असलम, हल्दीपोखर रेलवे स्टेशन मास्टर मणिकांत कुमार समेत दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।

Share this News...