ग्रैंड मास्टर तिबोर बागोली संग फिल्म, बेटियों के लिए मुफ्त सेल्फ-डिफेंस ट्रेनिंग की तैयारी
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां के गम्हरिया निवासी मार्शल आर्टिस्ट व अभिनेता अमित मोदक के आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स की चर्चा यूरोप की प्रतिष्ठित डिजिटल मैगजीन Csak POZITÍVAN में हुई है। प्रकाशित आलेख विश्व प्रसिद्ध वाह नगाई विंग चुन ग्रैंड मास्टर तिबोर बागोली के अंतरराष्ट्रीय साक्षात्कार पर आधारित है। इसमें अमित मोदक की खेल प्रतिभा, तकनीकी कौशल और आगामी प्रोजेक्ट्स का उल्लेख किया गया है।
मार्शल आर्ट्स और सिनेमा के क्षेत्र में अमित के संघर्षपूर्ण सफर पर आधारित बायोपिक का निर्माण भी हो चुका है। उन्हें मार्शल आर्ट्स में योगदान के लिए झारखंड सरकार द्वारा राजकीय स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है। प्रकाशित जानकारी के अनुसार, अमित जल्द ही ग्रैंड मास्टर तिबोर बागोली के साथ अंतरराष्ट्रीय मार्शल आर्ट्स एक्शन फिल्म में मुख्य भूमिका निभाएंगे। इसके साथ ही जरूरतमंद बेटियों के लिए देशव्यापी मुफ्त सेल्फ-डिफेंस ट्रेनिंग कार्यक्रम शुरू करने की तैयारी है। इसके शुभारंभ के लिए तिबोर बागोली के झारखंड आने की भी योजना है।
