रांची: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के केंद्रीय नेतृत्व ने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से देश भर के कई राज्यों में बड़े स्तर पर नेताओं के जिम्मेदारी में फेरबदल किया है. इस सांगठनिक फेरबदल में झारखंड भी शामिल है. प्रदेश बीजेपी के संगठन महामंत्री के पद पर अब पवन साई की नियुक्ति की गई है. वहीं, अब तक झारखंड के संगठन महामंत्री का दायित्व संभाल रहे कर्मवीर सिंह का तबादला कर उन्हें छत्तीसगढ़ का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है.
सौदान सिंह बने झारखंड के क्षेत्रीय प्रभारी
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शीर्ष नेतृत्व ने वरिष्ठ नेता सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) के रूप में बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल की कमान सौंपी है. उनका मुख्य केंद्र भुवनेश्वर होगा. सौदान सिंह इन राज्यों में बीजेपी के सांगठनिक कामकाज और आपसी समन्वय की निगरानी करेंगे.
RSS के प्रचारक रह चुके हैं पवन साई
पवन साई की बात करें तो वे लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पूर्णकालिक प्रचारक रहे हैं. संघ से भाजपा में आने के बाद वे संगठन को मजबूत करने में लगातार जुटे रहे. करीब 10 वर्षों तक छत्तीसगढ़ भाजपा में प्रदेश संगठन महामंत्री के महत्वपूर्ण पद पर तैनात रहे. छत्तीसगढ़ में ओम माथुर के साथ मिलकर साल 2023 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की वापसी कराने में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है. उनके कार्यकाल में ही भाजपा ने राज्य में 15 से 54 सीटों पर छलांग लगाई थी. उन्हें शांत, अनुशासित, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद रखने और विवादों से दूर रहने वाले रणनीतिकार के रूप में देखा जाता है.
