F-16 गिराने वाले पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन  बने कमर्शियल पायलट


नई दिल्ली:

वायुसेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान अब कमर्शियल पायलट बन गए हैं. अभिनंदन वर्धमान वही जांबाज पायलट हैं, जिन्होंने फरवरी 2019 में अपने मिग-21 से पाकिस्तान के F-16 को मार गिराया था. इसके लिए अभिनंदन को 2021 में ‘वीर चक्र’ से सम्मानित किया गया था. युद्ध काल में दिया जाने वाला यह भारत का तीसरा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है.

अब खबर है कि अभिनंदन वर्धमान वायुसेना से रिटायर होने के बाद कमर्शियल पायलट बन गए हैं. न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि अभिनंदन वर्धमान ने FLY91 नाम की एयरलाइन कंपनी जॉइन की है.

हालांकि FLY91 के प्रवक्ता ने इस बारे में टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा है कि कर्मचारियों की व्यक्तिगत जानकारी निजी मामला है.

क्या है FLY91?

FLY91 मार्च 2024 में शुरू हुई थी. इसकी फ्लीट में अभी 6 ATR 72-600 विमान हैं. इसके बेस गोवा और हैदराबाद में हैं.

इसके नाम के पीछे भी एक खास वजह है. भारत के डायलिंग कोड +91 से प्रेरित होकर इसका नाम FLY91 रखा गया है. मार्च 2024 में इसे डायरेक्टोरेट जनरल सिविल एविएशन (DGCA) से एयर ऑपरेटर सर्टिफिकेट (AOC) मिलने के बाद एयरलाइन ने 18 मार्च 2024 को गोवा से बेंगलुरु के बीच पहली उड़ान शुरू की थी.

दावा है कि इसकी फ्लाइट टिकट सबसे सस्ती होती है. यह अभी छोटे शहरों को जोड़ती है. कंपनी का कहना है कि वह टियर 2 और टियर 3 शहरों से हवाई कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की कोशिश कर रही है.

Latest and Breaking News on NDTV

कंपनी दावा करती है कि उसका मकसद हर भारतीय के लिए हवाई यात्रा को आसान बनाना है. इसकी फ्लीट में बोइंग या एयरबस जैसे बड़े-बड़े विमान नहीं हैं. बल्कि इसकी फ्लीट में ATR 72-600 विमान हैं.

किसने शुरू की यह कंपनी?

FLY91 की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, कंपनी को इंडस्ट्री से जुड़े अनुभवी लोगों और प्रोफेशनल फंडिंग की मदद से शुरू किया गया था.

इस कंपनी के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर मनोज चाको हैं. मनोज चाको पहले किंगफिशर एयरलाइंस के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट भी रह चुके हैं. वह एमिरेट्स एयरलाइंस में सेल्स मैनेजर और अमेरिकन एक्सप्रेस में कंट्री हेड (ग्लोबल बिजनेस ट्रैवल) की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं.

Share this News...