नेपाल त्रासदी-रांची के इंजीनियर दंपती का अब तक नहीं मिला कोई सुराग

रांची : झारखंड की राजधानी रांची के हिनू निवासी इंजीनियर दंपती अंकित रंजन और उनकी पत्नी अंकिता चंद्रा के नेपाल में लापता होने का मामला सामने आया है. दोनों यूके से नेपाल घूमने पहुंचे थे, लेकिन रसुवागढ़ी इमिग्रेशन सेंटर पहुंचने के बाद से उनका परिवार से संपर्क टूट गया है. परिजन दोनों की सुरक्षित वापसी को लेकर बेहद चिंतित हैं और उनकी तलाश में जुटे हुए हैं.
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, अंकित रंजन और अंकिता चंद्रा 26 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे नेपाल-तिब्बत सीमा पर स्थित रसुवागढ़ी इमिग्रेशन सेंटर पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि दोनों दस्तावेज संबंधी प्रक्रिया के लिए वहां गए थे. अंकित के छोटे भाई तनय रंजन ने बताया कि 26 अगस्त की सुबह ही उनकी अपने बड़े भाई से आखिरी बार बातचीत हुई थी. उस समय अंकित इमिग्रेशन सेंटर में मौजूद थे. बातचीत के बाद अचानक दोनों से संपर्क टूट गया. इसके बाद परिवार ने कई स्तरों पर उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी.
यूके सरकार की ओर से कहा गया है उसकी रैपिड डेवपिंग टीम अंकित एवं उनकी पत्नी के परिजनों के संपक में है।
परिवार के मुताबिक, अंकित रंजन ने वर्ष 2009 में रांची छोडक़र यूके का रुख किया था. वह लंबे समय से यूके में रह रहे हैं और वर्तमान में जेपी मॉर्गन में इंजीनियर के तौर पर काम करते हैं. अंकित यूके की नागरिकता भी ले चुके हैं. उनकी पत्नी अंकिता चंद्रा भी यूके में इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं. दोनों छुट्टियां बिताने के लिए यूके से नेपाल पहुंचे थे. परिवार के अनुसार, नेपाल पहुंचने के बाद शुरुआती गतिविधियों की जानकारी थी, लेकिन रसुवागढ़ी पहुंचने के बाद दोनों से संपर्क नहीं हो पाया.

परिवार की बढ़ी चिंता, तलाश जारी
अंकित के चाचा संजीव शरण जो लंबे समय तक विजया ग्रीन अर्थ डिमना रोड मानगो जमशेदपुर में प्रवास करने के बाद अब रांची शिफ्ट हो गये हैं ने कहा कि परिवार के लोग परसो नेपाल जा रहे हैं। अंकित के छोटे भाई तनय रंजन फिलहाल नासिक में रहते हैं. भाई और भाभी के अचानक लापता होने की जानकारी मिलने के बाद परिवार लगातार उनकी खोजबीन में लगा है.

Share this News...