टेल्को : लोयोला स्कूल के गेट पर मौत का खतरा! हादसे का इंतजार में प्रशासन? ● निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में

 

● हजारों बच्चों की आवाजाही के बीच सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप

जमशेदपुर : टेल्को स्थित लोयोला स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार के पास चल रहे निर्माण कार्य को लेकर बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. स्कूल के मुख्य गेट के समीप गेल इंडिया के ठेकेदार द्वारा कराए जा रहे कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर अभिभावकों में नाराजगी और चिंता देखी जा रही है. प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राएं, शिक्षक और अभिभावक इसी रास्ते से स्कूल आते-जाते हैं. इसके बावजूद निर्माण स्थल के आसपास पर्याप्त एवं सुरक्षित बैरिकेडिंग और सुरक्षा घेरा नहीं होने की बात सामने आ रही है. निर्माण कार्य के कारण उड़ने वाली धूल-मिट्टी से भी बच्चों को परेशानी हो रही है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार पर इतनी बड़ी संख्या में बच्चों की आवाजाही होती है, तो निर्माण स्थल को पूरी तरह सुरक्षित क्यों नहीं किया गया? निर्माण स्थल पर किसी भी प्रकार की लापरवाही संभावित दुर्घटना को न्योता दे सकती है. ऐसे में अभिभावकों का कहना है कि प्रशासन और संबंधित एजेंसी को किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय तत्काल सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए.

प्रशासन से तत्काल निरीक्षण की मांग

अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल स्थल का निरीक्षण कराने की मांग की है. साथ ही निर्माण एजेंसी एवं संबंधित ठेकेदार को पर्याप्त बैरिकेडिंग, सुरक्षा घेरा, चेतावनी संकेतक तथा धूल से बचाव के आवश्यक उपाय करने का निर्देश देने की मांग की गई है. बच्चों की सुरक्षा से जुड़े इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए. निर्माण कार्य जरूरी है, लेकिन बच्चों की सुरक्षा से बड़ा कुछ नहीं. अब सवाल यह है—क्या प्रशासन समय रहते जागेगा या किसी हादसे के बाद कार्रवाई होगी?

Share this News...