रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों ने सोमवार को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है. रविवार को सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच हुई वार्ता विफल होने के बाद छात्रों ने विधानसभा घेराव के कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का फैसला किया. इसके बाद आज अहले सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से विधानसभा की ओर कूच कर रहे हैं. छात्रों ने बताया कि बड़ी संख्या में छात्र रात में ही अलग-अलग रास्तों और विभिन्न साधनों से विधानसभा की ओर रवाना हो चुके हैं. छात्रों के मुताबिक, कई छात्र ऑटो, निजी वाहनों और अन्य सवारियों के जरिए विधानसभा की तरफ पहुंच रहे हैं. उनका कहना है कि वे किसी भी स्थिति में विधानसभा का घेराव करेंगे और अपनी मांगों को सरकार के सामने मजबूती से रखेंगे. आंदोलनकारी छात्रों ने दावा किया कि झारखंड के अलावा बिहार, छत्तीसगढ़ और दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में छात्र रांची पहुंचे हैं. छात्रों का कहना है कि दूसरे राज्यों से आए छात्र भी आंदोलन के समर्थन में उनके साथ खड़े हैं. कई छात्र विधानसभा के आसपास के इलाकों में पहुंचकर डेरा डाल चुके हैं और घेराव के कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी में हैं. छात्रों का कहना है कि जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधली के आरोपों की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता समेत उनकी मांगों पर सरकार को ठोस निर्णय लेना होगा. छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा.
500 से अधिक छात्रों को हिरासत में लिया गया.
रांची में 500 से ज्यादा छात्रों को हिरासत में लिया गया. सभी को बस में बिठा कर कैम्प जेल ले जाया जा रहा है. ओल्ड विधानसभा के पास सरदार पटेल की प्रतिमा के पास बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतरें है.
