सचिन जैसा ही ‘चमत्कार’ किया लामिन यमाल ने, जानें किन 5 वजहों से ‘चमत्कारी बालक’ से सहमा हुआ है फ्रांस

: खेले जा रहे फीफा वर्ल्ड कप 2026 में आज देर रात भारतीय समयानुसार 12:30 बजे डलास स्टेडियम में दुनिया की दो दिग्गज टीमें फ्रांस और स्पेन आमने-सामने होंगी, तो यह अभी तक का सबसे रोमांचक मुकाबला होगा. एक नहीं, बल्कि कई पहलुओं से. सितारों की उपस्थिति से. जहां फ्रांस का आकर्षण पूरी तरह से एम्बाप्पे के इर्द-गिर्द सिमटा हुआ है, तो वहीं स्पेन टीम में भी कुछ सितारा फुटबॉलर हैं. इनमें तीन तिलंगे लामिन यमाल, माइकल ओलिसे और ओस्मान डेंबले हैं, लेकिन सबसे ज्यादा नजरें होंगी ‘चमत्कार बालक’ कहे जाने वाले लामिन यमाल पर, जिनहोंने ठीक  वैसा ही कारनामा अपने छोटे से करियर में कर डाला, जो कई दशक पहले सचिन तेंदुलकर ने किया था.

सचिन जैसा चमत्कार लामिन का !

साल 1989 में जब सचिन तेंदुलकर ने क्रिकेट की दुनिया में कदम रखा, तो पूरा विश्व अवाक रह गया था. यह घटना पहली बार हुई क्योंकि सचिन ने पाकिस्तान के खिलाफ सिर्फ 16 साल की उम्र में पहला मैच खेला. वहीं, कुछ ऐसा ही कारनामा लामिन  ने किया, जब यमाल ने सितंबर 2023 में यूरो कप में जॉर्जिया के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया, तो उनकी उम्र भी 16 साल थी. और उस समय यमाल भी फुटबॉल जगत के लिए वैसी ही जिज्ञासा का विषय बन गए, जैसी सचिन तेंदुलकर के आगाज के समय पैदा हुई थी.

बार्सिलोना के लिए भी रचा इतिहास

सचिन तेंदुलकर ने रणजी ट्रॉफी में पहला मैच 15 साल की उम्र में खेला था, तो लामिल यमाल ने दुनिया के सबसे बड़े क्लबों में से एक बार्सिलोना के लिए इतनी ही उम्र में पहला मैच खेलकर सनसनी फैला दी. उस समय यमाल 15 साल, 9 महीने और 16 दिन के थे. इसी कारण उन्हें फुटबॉल जगत में ‘चमत्कारी बालक’ कहा जाता है. और आज इसी चमत्कारी बालक से फ्रांस सहमा हुआ है. अगर ऐसा है, तो उसके पीछे 5 ठोस वजह हैं.

यमाल के इन 5 गुणों से सहमा हुआ है फ्रांस

1. ‘इंपॉसिबल’ ड्रिबलिंग और अनिश्चित दिशा

यमाल की सबसे बड़ी ताकत उनकी ड्रिबलिंग है. उनकी यूएसपी यह है कि गेंद जब उनके पास आती है, तो पैरों से ऐसे चिपक जाती है कि मानो यह फेवीकॉल का जोड़ हो! यह पता लगाना लगभग नामुमकिन होता है कि वे किस दिशा में मुड़ेंगे. फ्रांसीसी डिफेंडर इस बात से डरे हुए थे कि यमाल उन्हें छकाकर अंदर की तरफ (कट-इन) आएंगे या सीधे विंग से आगे निकल जाएंगे. यामिल का यही गुण या कहें अनिश्चितता विरोधी टीम को डिफेंसिव और  सतर्क रखती है.

2. कम उम्र, लेकिन ‘दिमाग’ किसी अनुभवी खिलाड़ी का

यमाल की उम्र भले ही कम थी, लेकिन उनकी ‘गेम इंटेलिजेंस’ (खेल की समझ) किसी 30 वर्षीय अनुभवी खिलाड़ी जैसी है. यही वह गुण है, जो सचिन की बैटिंग में भी आगाज के कुछ साल बाद आ गया था. फ्रांस इस पहलू से परेशान हैं कि यमाल खेल की लय को बहुत जल्द ही भांप लेत हैं. वे जानते हैं  कि कब पास देना है, किधर देना है और किस गति से देना है. और कब खुद गोल मारना है और कब खेल की गति को धीमा करना है. फ्रांस को डर है कि वे उनकी रणनीति को बहुत आसानी से डिकोड कर लेंगे.

3. मेस्सी की तरह उल्टे पैरा का जादू

यमाल का बायां पैर ठीक वैसे ही कमाल करता है, जैसे कि अर्जेंटीनाई दिग्गज लियोनेल मेस्सी का. वर्तमान में यमाल का बायां पैर फुटबॉल जगत में सबसे घातक हथियारों में से एक माना जाता है. सेमीफाइनल से ठीक पहले यमाल ने जिस तरह से दूर से गोल दागे थे, उसने फ्रांसीसी गोलकीपर माइक मैगनन के लिए चिंता पैदा कर दी है. उनका ‘करलिंग शॉट’सीधे गोल पोस्ट के कोने में जाता है. और इसे रोकना फ्रांस की पूरी टीम के लिए सेमीफाइनल में आसान होने नहीं जा रहा

4. घोड़े सरीखी ऊर्जा!

इसे उम्र का असर कहें या कुछ और कि वह मैच के आखिरी पलों में भी ऐसे दिखते हैं कि मानो अभी-अभी मैदान पर उतरे हों. यमाल एक ऐसा खिलाड़ी है जो पूरे 90 मिनट तक वही ऊर्जा बनाए रखता है. वह थकते नहीं हैं और लगातार अपनी दौड़ से विपक्षी डिफेंडरों को परेशान करते रहते हैं.  ऐसे समय जब फ्रांस के अनुभवी डिफेंडर आखिरी पलों में सुस्त पड़ जाते हैं, ऐसे में लामिन यमाल फ्रांस पर भारी पड़ सकते हैं.

5. दबाव में ‘ठंडा-ठंडा, कूल-कूल!’ 

लामिन यमाल का यह एक और बड़ा गुण है, जो मेगा मुकाबले से पहले फ्रांस को डरा रहा है. और यह है लामिन यमाल का ‘ठंडा-ठंडा, कूल-कूल टेम्प्रामेंट.’ अक्सर बड़े मंच पर बड़े-बड़े दिग्गज खिलाड़ी दबाव में आकर गलती कर बैठते हैं, लेकिन यमाल बिल्कुल शांत रहते हैं. उनके चेहरे पर वह मासूमियत और आंखों में वह निडरता होती है जो साबित करती है कि उन पर ‘हाइप’ या ‘दबाव’ का कोई असर नहीं पड़ता. फ्रांस को डर है कि उनके उकसाने या फिजिकल खेलने के बावजूद यमाल अपनी लय नहीं खोएंगे.

यमाल के सचिन से मिलते हैं ये 5 गुण

1. गॉड गिफ्ट टैलेंट और समय से पहले परिपक्वता

सचिन और यमाल दोनों ही अपने-अपने खेल में गॉड गिफ्ट टैलेंट का बड़ा उदाहरण हैं. सचिन ने 16 साल की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था, जबकि लामिन यमाल ने 16 साल की उम्र में फुटबॉल के सबसे बड़े मंच और बार्सिलोना के लिए अपना लोहा मनवाया. दोनों ने बहुत कम उम्र में ही परिपक्वता दिखाई, जो आमतौर पर 20-25 साल के खिलाड़ियों में देखी जाती है.

2. उम्मीदों का भारी बोझ

दोनों खिलाड़ियों को अपने-अपने देशों की उम्मीदों का पहाड़ अपने कंधों पर ढोना पड़ा है. सचिन के लिए भारत की 100 करोड़ से ज्यादा आबादी की उम्मीदें थीं, तो यमाल के लिए बार्सिलोना और स्पेन की फुटबॉल विरासत को आगे ले जाने का दबाव है, लेकिन दोनों ने इस दबाव को अपनी कमजोरी के बजाय अपनी ताकत बनाया है. आगाज के बाद से अभी तक तक यमाल का सफर बहुत ही अच्छा रहा है. दिन की समाप्ति पर सचिन ने क्रिकेट में बड़े मानक स्थापित किए. अब यमाल कहां समाप्त करते हैं, यह देखने की बात होगी?

3. खेल के प्रति गजब का समर्पण

सचिन के लिए क्रिकेट केवल एक खेल नहीं, बल्कि एक ‘पूजा’ रही है.एक नहीं, बल्कि उनके करियर में कई बार और कई उदाहरणों, बयानों में यह बात साफ दिखाई पड़ी कि सचिन के लिए क्रिकेट के क्या मायने हैं. ठीक उसी तरह, लामिन यमाल का खेल के प्रति समर्पण (जो ‘ला मासिया’ की कठोर ट्रेनिंग से झलकता है) बताता है कि वे भी अपने खेल को धर्म की तरह लेते हैं. दोनों ही खिलाड़ियों ने अपने बचपन के सुखों का त्याग कर खेल को प्राथमिकता दी.

4. खेल को आसान बनाने की अद्भुत क्षमता

सचिन अपनी बल्लेबाजी में जटिल शॉट्स को भी बेहद आसानी से खेलते थे. यह दोनों बातों का सबूत था कि उनका नैसर्गिक टैलेंट कैसा है और उन्होंने मेहनत खेल पर कितनी की है. यमाल की खासियत भी यही है कि वे दबाव में भी खेल को जटिल नहीं होने देते. उनकी ड्रिबलिंग और पास देने का तरीका इतना सहज है कि वे खेल को सरल बना देते हैं, जो एक महान खिलाड़ी की सबसे बड़ी निशानी है. जब वह फुटबॉल से खिलवाड़ करते हैं, तो बाहर से देखने पर लगता है कि यह कौशल कितना आसान है. ठीक ऐसा ही सचिन के बैटिंग करते हुए भी बल्लेबाजी के बारे में लगता था. लेकिन बाहर से दिखने में जो चीज जितनी आसान होती है, भीतर से उसके साथ उतने ही गहरे राज जुड़े होते हैं.

5. अपनी अपनी पीढ़ी के ऑइकान और प्रेरणा

सचिन तेंदुलकर 90 के दशक में भारत में युवाओं के सबसे बड़े प्रेरणास्रोत बने. सचिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गए, तो भारत में ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व क्रिकेट में क्रांति सी आ गई. और  आज लामिन यमाल भी दुनिया भर के उन लाखों बच्चों के लिए एक उम्मीद बन गए हैं जो गरीबी या कठिन परिस्थितियों से निकलकर महान बनना चाहते हैं. दोनों खिलाड़ी अपनी-अपनी पीढ़ियों के लिए एक ‘आइकॉन’ के रूप में उभरे हैं.

Share this News...