राम मंदिर ट्रस्ट के CEO की दौड़ में पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर भी, प्रस्तुत किया आवेदन

अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के प्रशासनिक ढांचे में बड़े बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिसके बाद देशभर से योग्य अभ्यर्थियों की दावेदारी सामने आने लगी है. इसी क्रम में पूर्व आईपीएस अधिकारी और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने भी इस पद के लिए आवेदन किया है. राम मंदिर के प्रबंधन, सुरक्षा, वित्तीय निगरानी और धार्मिक गतिविधियों की जिम्मेदारी संभालने वाला यह पद अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है. हाल के प्रशासनिक विवादों और बदलावों के बीच नए CEO की नियुक्ति को राम मंदिर प्रशासन के भविष्य से जोड़कर देखा जा रहा है.

CEO पद के लिए अमिताभ ठाकुर के आवेदन में क्या है?

पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा विज्ञापित मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद के लिए औपचारिक आवेदन प्रस्तुत किया है. अपने आवेदन में उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा और लोक प्रशासन में लगभग तीन दशक के अनुभव का उल्लेख किया है. उन्होंने सुरक्षा प्रबंधन, सतर्कता, विधिक मामलों, प्रशासनिक कार्यों, कार्मिक प्रबंधन और संस्थागत समन्वय से जुड़ी अपनी सेवाओं को भी रेखांकित किया है. अमिताभ ठाकुर ने स्वयं को हिंदू सामाजिक-सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा बताते हुए भगवान श्रीराम के आदर्शों जैसे मर्यादा, न्याय, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण के प्रति सम्मान व्यक्त किया है.

Ram Mandir CEO: ऐसा है आवेदन पत्र

Ram Mandir CEO: ऐसा है आवेदन पत्र

राम मंदिर ट्रस्ट में बदलाव के संकेत

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में हाल के दिनों में प्रशासनिक स्तर पर बदलावों की चर्चा तेज रही है. चढ़ावा चोरी विवाद के बाद ट्रस्ट की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता को लेकर सवाल उठे थे. इसके बाद कई महत्वपूर्ण पदों पर बदलाव और नई नियुक्तियों की प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित किया गया. इसी क्रम में CEO पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिसे मंदिर प्रशासन की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है.

क्या होंगी नए CEO की जिम्मेदारियां?

ट्रस्ट द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार चयनित CEO सीधे ट्रस्ट के महासचिव को रिपोर्ट करेंगे. उन्हें प्रमुख रूप से ये जिम्मेदारियां निभानी होंगी:

  • मंदिर प्रशासन का संचालन
  • वित्तीय प्रबंधन और लेखा व्यवस्था की निगरानी
  • सुरक्षा व्यवस्था का समन्वय
  • धार्मिक अनुष्ठानों और उत्सवों का संचालन
  • दर्शनार्थियों की सुविधाओं का प्रबंधन
  • ट्रस्ट की परिसंपत्तियों की सुरक्षा
  • सरकारी एजेंसियों के साथ समन्वय
  • भविष्य की विकास योजनाओं का क्रियान्वयन

CEO ट्रस्ट के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सेवकों के सर्वोच्च कार्यकारी अधिकारी होंगे.

कौन कर सकता है आवेदन?

ट्रस्ट ने आवेदन के लिए कुछ प्रमुख पात्रताएं निर्धारित की हैं जो इस तरह हैं:

  • मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से न्यूनतम स्नातक डिग्री
  • आयु 50 से 70 वर्ष के बीच
  • किसी बड़े सरकारी, सार्वजनिक या निजी संस्थान में कम से कम 20 वर्ष का प्रबंधकीय अनुभव
  • प्रशासन, वित्त, सुरक्षा, जनसंपर्क, विधिक मामलों और आईटी प्रबंधन का अनुभव
  • सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी भी आवेदन कर सकते हैं.

धार्मिक योग्यता भी जरूरी

ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि आवेदक का सक्रिय रूप से हिंदू धर्म का पालन करना आवश्यक होगा. भगवान श्रीराम के प्रति आस्था और वैष्णव परंपरा से जुड़ाव को वांछनीय योग्यता माना गया है. साथ ही हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं का अच्छा ज्ञान भी जरूरी होगा.

18 जुलाई तक मांगे गए आवेदन

ट्रस्ट ने CEO की नियुक्ति तीन वर्ष के अनुबंध पर करने का निर्णय लिया है. कार्य प्रदर्शन संतोषजनक रहने पर इस अवधि को आगे भी बढ़ाया जा सकता है. इच्छुक उम्मीदवार 18 जुलाई 2026 को शाम 4 बजे तक अपना आवेदन ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं.

Share this News...