जमशेदपुर, 14 जुलाई (रिपोर्टर) : श्री श्री जगन्नाथ महाप्रभु रथयात्रा के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने 16 जुलाई को शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया है. इस संबंध में जिला व पुलिस प्रशासन कार्यालय ने आदेश जारी करते हुए विभिन्न प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन, डायवर्जन एवं नो-एंट्री की व्यवस्था लागू की गई है. प्रशासन ने बताया कि रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं एवं बच्चों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है.
आदेश के अनुसार, बिष्टुपुर वोल्टास बिल्डिंग से छगनलाल शोरूम होते हुए रीगल गोलचक्कर तक दोनों मार्ग पूरी तरह बंद रहेंगे. वोल्टास बिल्डिंग की ओर से साकची जानेवाले वाहनों को खरकई, मैला टंकी, तुलसी भवन, सोनेट होटल, धातकीडीह, टीओपी, लोयोला स्कूल, लोयोला लाइट सिग्नल एवं जुबिली पार्क होते हुए साकची जा सकते हैं. वहीं साकची से जुगसलाई जानेवाले वाहनों को रीगल गोलचक्कर, तुलसी भवन, मैला टंकी, खरकई और वोल्टास बिल्डिंग होते हुए जुगसलाई की ओर डायवर्ट किया जाएगा. गोलमुरी की ओर से साकची एवं बिष्टुपुर आनेवाले वाहनों को जेएनएसी चौक, नया कोर्ट, करीम सिटी कॉलेज गोलचक्कर होते हुए बिष्टुपुर भेजा जाएगा. वहीं मानगो से बिष्टुपुर एवं जुगसलाई जानेवाले वाहन मरीन ड्राइव होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे.
मानगो में विशेष ट्रॉफिक व्यवस्था होगी लागू
रथयात्रा के दौरान बड़ा हनुमान मंदिर से मानगो चौक एवं डिमना चौक तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी. साकची से मानगो आनेवाले वाहनों को मानगो चौक से मानगो थाना एवं पारडीह चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा. वहीं रथ यात्रा डिमना चौक से ट्रांसपोर्ट नगर एवं राजस्थान भवन की ओर बढऩे के दौरान डिमना चौक पर वाहनों को रोककर पारडीह चौक की ओर भेजा जाएगा. इसके अलावा सुन्दरनगर की ओर से साकची एवं बिष्टुपुर आनेवाले वाहनों को करनडीह चौक, घाघीडीह जेल, पानी टंकी, केंद्रीय विद्यालय, चाईबासा बस स्टैंड होते हुए रेलवे स्टेशन की ओर भेजा जाएगा.
अपराह्न 2 से रात्रि 11 तक रहेगी ‘नो इंट्री’
यातायात पुलिस ने रथ यात्रा के दिन 16 जुलाई को नो-एंट्री के समय में भी बदलाव किया है. संशोधित व्यवस्था के तहत अपराह्न 2 बजे से रात 11 बजे तक ‘नो-एंट्री’ प्रभावी रहेगी. रथ यात्रा समाप्त होने के बाद पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पुन: सामान्य व्यवस्था लागू कर दी जाएगी.
इमरजेंसी सेवा के वाहनों के लिये वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करें
आदेश में सभी यातायात थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि रथ यात्रा के दौरान एंबुलेंस एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें. साथ ही साकची, बिष्टुपुर, मानगो, जुगसलाई, परसुडीह सहित संबंधित थाना प्रभारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराने का निर्देश दिया गया है. जिला प्रशासन एवं यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे 16 जुलाई को निर्धारित ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें व अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें.
