उपराष्ट्रपति एवं राज्यपाल ने भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों से मुलाकात कर किया सम्मानित
खूँटी/ उलिहातु: भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन एवं राज्यपाल झारखंड संतोष कुमार गंगवार का भगवान बिरसा मुंडा की पावन धरती उलिहातु में आगमन हुआ। हेलीपैड पर जिला प्रशासन द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, साथ हीं राज्यपाल झारखंड संतोष कुमार गंगवार एवं स्वास्थ्य मंत्री, झारखंड इरफान अंसारी द्वारा उपराष्ट्रपति को पुष्प गुच्छ भेंट किया गया। मौके पर उपायुक्त आर० रॉनिटा एवं पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके उपरांत उपराष्ट्रपति एवं राज्यपाल उलिहातु स्थित भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पहुँचे, जहाँ उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों से आत्मीय मुलाकात की तथा उन्हें मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित बच्चों से भी उन्होंने संवाद किया एवं उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात वे बिरसा कॉम्प्लेक्स पहुँचे, जहाँ उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से भी मुलाकात किया। इस दौरान राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश नारायण सिंह, स्वास्थ्य मंत्री, झारखंड इरफान अंसारी उपराष्ट्रपति के सचिव अमित खरे सहित अन्य गणमान्य अतिथि एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
