जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने जरूरतमंद लोगों के घर तक भोजन पहुंचाने की व्यवस्था की

जमशेदपुर:-झारखंड सरकार के पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री तथा जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने जरूरतमंद लोगों के घर तक भोजन पहुंचाने की व्यवस्था की है। श्री राय के 42 जे-रोड, बिष्टुपुर स्थित आवास पर आज से लगातार लाॅकडाउन अवधि तक गरीब तथा जरूरतमंद लोगों के लिए रसोई शुरू की गयी है। सरकार की गाइड लाइन को मानते हुए, जिला प्रशासन के सहयोग से भोजन का पैकेट लोगों के घरों तक पहुंचाया जाएगा। इस काम के लिए 10 कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गयी है, जो इलाकावार भोजन पहुंचाएंगे। दो कार्यकर्ता एक साथ नहीं रहेंगे। भोजन पहुंचाने के लिये प्रशासन की ओर से इन कार्यकर्ताओं को पास निर्गत किया गया है। किचन की पूरी व्यवस्था सरयू राय के भतीजे आशुतोष राय, समाजसेवी अशोक गोयल तथा निजी सहायक रिकी केशरी देख रहे हैं। यहां से रोजाना करीब 1500-2000 लोगों का भोजन पैकेट तैयार किया जाएगा, जिसमें पूड़ी, सब्जी तथा अचार की व्यवस्था रहेगी। आशुतोष राय ने बताया कि जो व्यवसायी बंधु सामग्री का सहयोग करना चाहते हैं, वे विधायक जी के बिष्टुपुर स्थित आवास पर सामग्री भिजवा सकते हैं। आज दिन तथा रात में मिलाकर कुल 1500 लोगों तक भोजन पहुँचाया गया। इस कार्य को सफल बनाने में अजय सिन्हा, सुधीर सिंह, अमित शर्मा, अशोक सिंह, काशीनाथ प्रधान, नितेश कुमार, अरूण प्रमाणिक, शंभु महाराज, संदीप राजपूत आदि शामिल थे।

Share this News...