:
रांची: जमशेदपुर के नए पुलिस कप्तान की जिम्मेवारी आईपीएस एहतेशाम वकारिब को दी गई है जबकि मनोज स्वर्गियारी को सरायकेला एसपी बनाया गया है. दोनों को तत्काल योगदान देने का आदेश दिया गया.
2015 बैच के आईपीएस अधिकारी एहतेशाम वकारिब को जमशेदपुर का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नियुक्त किया गया है। वे अब तक अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर कार्यरत थे। उन्हें अगले आदेश तक जमशेदपुर के एसएसपी के पद पर पदस्थापित किया गया है।
वहीं, वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी मनोज स्वर्गियारी को सरायकेला-खरसावां जिले का नया पुलिस अधीक्षक (एसपी) बनाया गया है। स्वर्गियारी इससे पहले झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप)-3 के कमांडेंट के पद पर तैनात थे। स्थानांतरण के बाद उन्हें अगले आदेश तक सरायकेला-खरसावां के एसपी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्य सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के साथ ही दोनों अधिकारियों की नई पदस्थापना प्रभावी हो गई है।
मंगलवार देर रात मुख्यमंत्री के आदेश पर जमशेदपुर के एसएसपी पीयुष पांडेय और सरायकेला की एसपी निधि द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया था। उन्हें पुलिस मुख्यालय में योगदान का आदेश दिया गया था। दोनों पति-पत्नी हैं।
दरअसल जमशेदपुर में डबल डाउन बार के पास पुलिस के सामने शनिवार को दो युवक पर चाकू से हमला किया गया था. जिसमें हिमांशु की मौत हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया. और मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्वी सिंहभूम एसएसपी पीयूष पांडे और सरायकेला खरसवाँ एसपी को निलंबित कर दिया. जिसके बाद अब नए कप्तान की तैनाती की गई है.
साथ ही पूरे मामले की जांच की जिम्मेवारी ADG मनोज कौशिक को दी गई है. वह खुद जमशेदपुर में रह कर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है. वहीं कोल्हान डीआईजी को भी मुख्यमंत्री ने आदेश दिया है कि वह जमशेदपुर में रह कर विधि व्यवस्था को देखेंगे. साथ ही सख्त संदेश दिया है कि राज्य में किसी भी कीमत पर लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी. चाहे वह कोई भी हो. जनता की सुरक्षा सबसे पहले है और जनता की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है.
