मैक्लुस्कीगंज में जमीं ओस की बूंदें, ठिठुरन बढ़ी; 24 को हो सकती है बारिश

रांची ,20 दिसंबर (ईएमएस): राजधानी रांची समेत झारखंड के तकरीबन सभी हिस्सों में तेज ठंड का असर देखा जा रहा है। मैक्लुस्कीगंज में गुरुवार की देर रात पारा 0 डिग्री सेल्सियत तक जा पहुंचा। इससे घास पर पड़ी ओस की बूंदें जम गई। वहीं, शीतलहर का प्रभाव भी देखा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अन्य जिलों में अगले दो दिनों तक सुबह कोहरा रहेगा, दोपहर में धूप रहेगी। 24 को बादल छाएंगे व बारिश होने के आसार बन रहे हैं।
पश्चिमी विक्षोभ का असर एक बार फिर झारखंड में
भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर एक बार फिर झारखंड पर पड़ेगा। इस वजह से 24 दिसंबर को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। झारखंड में पिछले 24 घंटे में मौसम शुष्क रहा। राज्य के उत्तरी-पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं सुबह के समय एक-दो स्थानों पर घने कोहरे तथा कोल्ड डे की स्थिति भी बनी।

मैक्लुस्कीगंज झारखंड में सबसे ठंडा
मौसम साफ होने के तीसरे दिन शुक्रवार को भी तापमान में लगातार गिरावट आई। मैक्लुस्कीगंज 0 डिग्री सेल्सियस के साथ झारखंड में सबसे ठंडा रहा। 24 घंटे के अंदर रांची का न्यूनतम तापमान दो डिग्री गिरकर रिकॉर्ड 6.4 डिग्री पर पहुंच गया। हालांकि दिन में धूप निकली, लेकिन उत्तर-पश्चिमी हवा ने कंपकंपी बढ़ा दी। वहीं, कांके में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Share this News...