जमशेदपुर : जिले के लोगों को अब जनसमस्याओं की शिकायत दर्ज कराने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. जिला प्रशासन ने जनसमस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए व्हाट्सएप्प आधारित ‘अबुआ मित्र’ चैटबोट सेवा शुरू की है. उपायुक्त राजीव रंजन ने इसका शुभारंभ किया. जिला प्रशासन ने इसके लिए व्हाट्सएप्प न. 8580090001 जारी किया है. शहरवासी इस नंबर पर व्हाट्सएप्प के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कराने के साथ आवश्यक दस्तावेज भी भेज सकेंगे. शिकायतकर्ता अपनी सुविधा के अनुसार भाषा का चयन कर सकेंगे. इस सेवा के शुभारंभ करते वक़्त उपायुक्त के साथ धालभूम एसडीएम अर्णव मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
बताया गया कि व्हाट्सएप्प के जरिए दर्ज शिकायतों को जिला प्रशासन के जन सहायता जेएसआर पोर्टल से जोड़ा जाएगा. शिकायत को उसकी प्रकृति के अनुसार संबंधित विभाग या सक्षम प्राधिकारी के पास कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा. इसके बाद शिकायत के अनुश्रवण, फॉलोअप और समाधान की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी.
एसएमएस से मिलेगी प्रगति की जानकारी
इसके अलावा शिकायतकर्ता को उसकी शिकायत की स्थिति की जानकारी के लिए कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी. शिकायत की प्रगति और कार्रवाई से संबंधित सूचना पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से विभिन्न चरणों में भेजी जाएगी. जिला प्रशासन की इस पहल से शिकायत निवारण व्यवस्था में पारदर्शिता और अधिकारियों की जवाबदेही बढ़ने के साथ आम लोगों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है.
