नोवामुंडी के जंगल में मादा हाथी की मौत,डीपासाई जंगल में मिला शव


ग्रामीणों में मचा हड़कंप; वन विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

नोवामुंडी, 2 अक्टूबर। नोवामुंडी वन क्षेत्र के भनगांव पंचायत अंतर्गत डीपासाई गांव के जंगल में शुक्रवार सुबह एक मादा जंगली हाथी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जंगल की ओर गए ग्रामीणों ने हाथी को मृत अवस्था में देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल ग्रामीण मुंडा को दी गई।
ग्रामीण मुंडा जगजीवन बेहरा ने घटना की जानकारी नोवामुंडी वन कार्यालय को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई। वनरक्षी महेश्वर गोंड तथा जैतगढ़ के प्रभारी वनपाल रविंद्र कुमार पान वनकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मृत हाथी का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में हाथी के आसपास किसी प्रकार का विद्युत तार अथवा बिजली का कनेक्शन नहीं मिला। ऐसे में हाथी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के क्षेत्र का भी निरीक्षण किया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मृत हाथी का पोस्टमार्टम अभी कराया जाना बाकी है। नियमानुसार पोस्टमार्टम के बाद शव का परीक्षण किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मादा हाथी की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इधर, जंगल में मादा हाथी का शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण हाथी को देखने के लिए जंगल की ओर पहुंचने लगे। वन विभाग की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Share this News...