कमल देव गिरी की हत्या के विरोध में पश्चिमी सिंहभूम बंद का व्यापक असर

चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर शहर के बजरंग दल के सदस्य और गिरिराज सेना के अध्यक्ष कमल देव गिरी की बम मार कर हत्या के विरोध में हिंदूवादी संगठनों द्वारा आहूत पश्चिमी सिंहभूम बंद का व्यापक असर दिखाई दे रहा है। चाईबासा और चक्रधरपुर दोनों ही शहरों में बंद असरदार दिखाई दे रहा है। व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद है और वाहनों का आवागमन नहीं हो रहा है। कमल देव की हत्या से भाजपा और हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं में आक्रोश अब भी व्याप्त है। संगठनों के लोग मोटरसाइकिल रैली लेकर शहर में निकले और लोगों से बंद में सहयोग की अपील की। समर्थक कमल देव के हत्यारों को जल्द से जल्द पकड़ने और फांसी देने की मांग कर रहे हैं। बंद को देखते हुए जिला पुलिस की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Share this News...