बंगाल चुनाव: बाघमुंडी सीट झटकने के लिए AAJSU ने लगाया जोर

72 साल बहुत खेला हुआ, अब पद्दो फूल और केला होगा : सुदेश महतो

Chandil,23 March: पश्चिम बंगाल चुनाव में आजसू पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। बंगाल में एनडीए गठबंधन में आजसू को एक सीट मिली है। पुरुलिया जिले के बाघमुंडी सीट पर आजसू ने आशुतोष महतो को अपना प्रत्याशी बनाया है। इस सीट पर जीत पक्की करने के लिए आजसू केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने स्वयं मोर्चा संभाला है। अब सुदेश महतो गांवों में चौपाल लगा रहे हैं और अपने पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में जोरदार प्रचार कर रहे हैं।
मंगलवार दोपहर को बाघमुंडी विधानसभा की माठा पंचायत के पारडी में चौपाल आयोजित था जहां सुदेश महतो, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, केंद्रीय सचिव हरेलाल महतो, विधानसभा प्रभारी सुनील सिंह, पूर्व प्रत्याशी राकेश महतो, दिलीप महतो समेत तमाम नेता मौजूद थे। यहां सुदेश महतो ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खेला होबे नारा पर तंज कसते हुए कहा कि 72 साल से खेला ही हो रहा है। लेकिन इस बार कौन सा खेला होगा दीदी को पता नहीं है। उन्होंने कहा कि 72 साल से बहुत खेल हुआ, इस बार पद्दो फूल (कमल फूल) और केला (आजसू चुनाव चिन्ह) होगा। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर कहा कि पुरुलिया जिले के लोगों को इलाज के लिए जमशेदपुर जाना पड़ता है। बंगाल में एनडीए सरकार बनने के साथ ही सबसे पहले यहां स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम किया जाएगा। किसानों के लिए सिंचाई की व्यवस्था होगी।
बाघमुंडी विधानसभा से कांग्रेस के नेपाल महतो लगातार चार बार विधायक हैं। बताया जाता है कि नेपाल महतो की जनता के बीच अच्छी पकड़ है। इसे कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। इसलिए भाजपा और आजसू ने इस विधानसभा से कांग्रेस का किला ध्वस्त करने के लिए एड़ी चोटी जोर लगा दिया है।

25 को गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा :

27 मार्च को प्रथम चरण में बाघमुंडी सीट पर चुनाव होना है। 25 को चुनावी प्रचार बंद होगा। प्रचार थमने के साथ ही एनडीए गठबंधन ने शक्ति प्रदर्शन करने का ऐलान कर दिया है। 25 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा होने वाली है जहां पूरे बाघमुंडी विधानसभा को जुटाने की तैयारी में आजसू और भाजपा कार्यकर्ता जुट गए हैं।

Share this News...