लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आवास पर मंगलवार को हाई टी पर बैठक आयोजित हुई. यहां SIR मामले को लेकर आगे रणनीति पर चर्चा हुई. इसके बाद इंडिया ब्लॉक की प्रेस कॉन्फ्रेंस हो रही है, जिसमें विपक्षी दलों के नेता इस मामले पर अपनी राय रख रहे हैं.
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के संघर्ष में हम सब साथ है और अब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा ही हमारा मिशन है. उन्ोहंने कहा कि वोट चोरी में शामिल सबका हिसाब होगा. राहुल गांधी ने कहा कि लोकतंत्र की हत्या की गई है. अब लोकतंत्र को बचाने का ही हमारा लक्ष्य है. पीएम मोदी, ज्ञानेश कुमार और अमित शाह को छोड़ेंगे नहीं.
दिल्ली में ‘वोट चोरी’ और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ निकाले गए विशाल ‘मार्च फॉर डेमोक्रेसी’ के बाद विपक्ष ने अपनी आगे की रणनीति को और तेज कर दी है.कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इसी सिलसिले मेंअपने सरकारी आवास पर INDIA ब्लॉक के सांसदों, सिविल सोसायटी के प्रतिनिधियों और छात्र संगठनों को हाई-टी यानी ‘जलपान’ के लिए आमंत्रित किया था.
इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सौरव दास को दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को हिरासत में लिया है. सौरव दास अपने कुछ दोस्तों के साथ जंतर-मंतर आए थे. सौरव दास के साथ CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है.
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोमवार को कहा कि वे राजस्थान में अगले 10 दिनों में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन शुरू करेगी. यह प्रदर्शन पुलिस के छात्र कार्यकर्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर हिरासत में लेने, नजरबंद करने और उनके साथ मारपीट करने के खिलाफ होगा.
हम देश के मौजूदा हालात पर चर्चा कर रहे हैं- डी. राजा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डी-राजा ने कहा- ‘हम देश के मौजूदा हालात पर चर्चा कर रहे हैं. पूरा देश आंदोलन कर रहा है. दिल्ली देश की राष्ट्रीय राजधानी है. आप देख सकते हैं कि हर जगह बैरिकेडिंग की गई है. सरकार कहती है कि यह सब विरोध प्रदर्शनों की वजह से किया गया है. लेकिन आप विरोध प्रदर्शन को कुचल नहीं सकते.’ उन्होंने आगे कहा, ‘सरकार को जंतर-मंतर को लेकर जारी प्रतिबंधात्मक अधिसूचना वापस लेनी चाहिए. जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन स्थल के रूप में बरकरार रखा जाना चाहिए.’
हमलोग एकजुट होकर लड़ने के लिए तैयार- तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने कहा- हमलोग एकजुट होकर लड़ने के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश गुप्ता ने जो वोट चोरी की है उसके ख़िलाफ़ हम एकजुट हैं. ये लोग बचने वाले नहीं है. ये अब डर रहे हैं. इस प्रोटेस्ट ने दिल्ली के बदल दिया है
दिल्ली में यह पहली बार बड़ी संख्या में लोग जुटे- खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ‘पिछले चार दिनों में INDIA गठबंधन की ओर से की गई पहलों की जबरदस्त सफलता आप सभी ने देखी है. राहुल गांधी जी और अन्य नेताओं ने जनता के मुद्दों को बेहद गंभीरता और समर्पण के साथ उठाया है. इतनी बड़ी संख्या में लोग बहुत कम मौकों पर सामने आते हैं.’
खड़गे ने आगे कहा, ‘दिल्ली में यह पहली बार हुआ है, जब युवा और आम नागरिक अपनी पहल पर इतनी बड़ी संख्या में एकजुट हुए हैं. यह सब आपने खुद देखा है, इसलिए मैं इस पर ज्यादा विस्तार से बात नहीं करना चाहता. अब हर कोई प्रधानमंत्री मोदी की वोट चोरी की योजना को पूरी तरह बेनकाब करने के लिए तैयार है.’
