*नियमों की अनदेखी की शिकायत, प्रशासन और परिवहन विभाग से नियमित जांच की मांग*
*खुले में स्क्रैप परिवहन*
आदित्यपुर। औद्योगिक क्षेत्र में स्क्रैप परिवहन करने वाले सफेदपोश स्क्रैप माफिया के अधिकांश वाहनों द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए जाने की शिकायत सामने आई है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि वाहनों में स्क्रैप को उचित तरीके से ढंके बिना खुले में ले जाया जाता है।
खुले वाहनों से स्क्रैप के टुकड़े सड़क पर गिर कर खतरा करते हैं। गाड़ियों के टायर पंक्चर होने से लेकर अन्य प्रकार की दुर्घटनाएं आम हैं। धूल भी फैलने की स्थिति बनती है। इससे पीछे चलने वाले वाहनों, विशेषकर दोपहिया चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा पैदा होता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि परिवहन और सड़क सुरक्षा से जुड़े नियम सभी वाहनों पर समान रूप से लागू होने चाहिए। किसी व्यक्ति, कारोबारी या औद्योगिक प्रतिष्ठान के प्रभाव के कारण नियमों के पालन में कोई छूट नहीं होनी चाहिए।
*नियमित जांच की मांग*
नागरिकों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से स्क्रैप लदे वाहनों की नियमित जांच कराने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
लोगों की मांग है कि स्क्रैप लदे वाहनों में सामग्री को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ढककर और मजबूती से सुरक्षित करने के बाद ही सड़क पर परिचालन की अनुमति दी जाए। इससे सड़क पर सामग्री गिरने, धूल फैलने और दुर्घटना की आशंका को कम करने में मदद मिल सकती है।
सवाल यह है कि सड़क सुरक्षा के नियम क्या छोटे-बड़े सभी कारोबारियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के वाहनों पर समान रूप से लागू हो रहे हैं? आदित्यपुर में चर्चित सफेदपोश के इस तरह की स्क्रैप ढुलाई पर पुलिस प्रशासन क्यों चुप रहता है, जबकि लोग इसे लेकर तरह तरह की चर्चा करते हैं। जारी…..
