टीडब्ल्यूयू : बेहतर ग्रेड रिवीजन की मांग को लेकर महामंत्री के आवास पहुंचे एन एस ग्रेड के कमेटी सदस्य

 

टाटा स्टील में बुधवार या गुरुवार को ग्रेड रिवीजन समझौता होना तय

जमशेदपुर : टाटा स्टील के लंबित ग्रेड रिवीजन समझौते को लेकर कर्मचारियों और कमेटी सदस्यों की बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार सुबह एनएस ग्रेड के 25 से 30 कमेटी सदस्य टाटा वर्कर्स यूनियन के महामंत्री सतीश सिंह के आवास पहुंचे और बेहतर ग्रेड रिवीजन समझौता कराने की मांग उठाई।
कमेटी सदस्यों ने महामंत्री के समक्ष अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रस्तावित समझौते में कर्मचारियों की अपेक्षाओं के अनुरूप लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मांग की कि एमजीबी (मिनिमम गारंटीड बेनिफिट) में कम से कम 30 प्रतिशत की वृद्धि हो, डीए प्रति प्वाइंट की दर छह रुपये तक बढ़ाई जाए व विभिन्न भत्तों और सुविधाओं में भी न्यूनतम 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी सुनिश्चित की जाए।
कमेटी सदस्यों का कहना था कि अब तक ग्रेड रिवीजन वार्ता से जुड़ी जो जानकारियां उन्हें दी गई हैं, वे संतोषजनक नहीं हैं। उनका मानना है कि कर्मचारियों की उम्मीदों के अनुरूप समझौता होना चाहिए, ताकि लंबे समय से लंबित ग्रेड रिवीजन का उचित लाभ सभी को मिल सके। सोमवार की सुबह को भी एनएस ग्रेड के कमेटी सदस्य यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी के आवास पहुंचे थे और बेहतर समझौते के लिए दबाव बनाया था। इसके अलावा यूनियन कार्यालय में हुई बैठक के दौरान भी कई कमेटी सदस्यों ने अध्यक्ष के समक्ष एमजीबी, डीए प्रति प्वाइंट और अन्य भत्तों में वृद्धि की मांग रखी थी।
महामंत्री सतीश सिंह ने कमेटी सदस्यों को आश्वस्त किया कि यूनियन नेतृत्व कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि वार्ता के अंतिम चरण में सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है और शीर्ष स्तर पर भी इस संबंध में बातचीत होगी।
बैठक के दौरान कुछ कमेटी सदस्यों ने स्पष्ट कहा कि यदि कर्मचारियों की अपेक्षाओं के अनुरूप ग्रेड रिवीजन समझौता नहीं हुआ तो कर्मचारियों में असंतोष बढ़ सकता है। ऐसे में यूनियन नेतृत्व को कर्मचारियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मजबूत और सम्मानजनक समझौता सुनिश्चित करना चाहिए।
सूत्रों के अनुसार, टाटा स्टील प्रबंधन और यूनियन नेतृत्व के बीच ग्रेड रिवीजन को लेकर वार्ता अंतिम दौर में है और एक-दो दिनों के भीतर समझौते पर अंतिम मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है।

———-
टाटा स्टील एमडी आ चुके हैं शहर आज आएंगी चीफ पीपुल ऑफिसर
टाटा स्टील के सीईओ व ग्लोबल प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन सोमवार की शाम में ही जमशेदपुर आ चुके हैं। आज शाम तक कंपनी की चीफ पीपुल ऑफिसर अत्रई सान्याल भी जमशेदपुर आ जाएंगी। ऐसे में अब टाटा वर्कर्स यूनियन नेतृत्व का कंपनी के टॉप लेवल के पदाधिकारी के साथ बैठक होने वाली है। माना जा रहा है कि आज या कल यूनियन के शीर्ष नेतृत्व टाटा स्टील एमडी से भी मिलेंगे और कर्मचारियों के हित में बेहतर ग्रेड रिवीजन की मांग करेंगे।

Share this News...