बहरागोड़ा में 1.50 करोड़ के बहुमूल्य पन्ना के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

 

बहरागोड़ा बस स्टैंड के पास से पुलिस ने बहुमूल्य रत्नों की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से 1.095 किलोग्राम (1095 ग्राम) बहुमूल्य पन्ना (एमराल्ड) बरामद किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है. इस कार्रवाई को जिले में खनिज एवं बहुमूल्य रत्नों की तस्करी के विरुद्ध अब तक की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में माना जा रहा है.

पुलिस के मुताबिक, वरीय एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर बहुमूल्य पन्ना की खेप लेकर बहरागोड़ा बस स्टैंड क्षेत्र में पहुंचने वाले हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, घाटशिला के नेतृत्व में एक विशेष छापामार टीम का गठन किया गया. टीम ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी.)

आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की घेराबंदी

कुछ देर बाद पुलिस को दो दोपहिया वाहनों के साथ खड़े तीन संदिग्ध शख्स दिखाई दिए, जैसे ही पुलिस टीम उनकी ओर बढ़ी, तीनों मौके से भागने का प्रयास करने लगे. हालांकि पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को मौके पर ही दबोच लिया. इसके बाद उनकी विधिवत तलाशी ली गई, जिसमें बड़े पैमाने पर बहुमूल्य पन्ना और अन्य सामान बरामद हुआ.

पुलिस कर रही है आरोपियों से पूछताछ

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय पातर (50), सिद्धेश्वर कालिंदी (45) और स्नेहाशीष मंगराज (44) के रूप में हुई है. तीनों पूर्वी सिंहभूम जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं. पुलिस अब इनसे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह बहुमूल्य रत्न कहां से लाया गया था और इसे किसे सौंपा जाना था.

पुलिस की तलाशी में जब्त बहुमूल्य पन्ना

तलाशी के दौरान सबसे बड़ी बरामदगी मुख्य आरोपी विनय पातर की स्कूटी की डिक्की से हुई. पुलिस को प्लास्टिक में पैक किया गया 1.095 किलोग्राम पन्ना, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 1,840 रुपये नकद मिले. वही दूसरे आरोपी सिद्धेश्वर कालिंदी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया. तीसरे आरोपी स्नेहाशीष मंगराज के कब्जे से एक हीरो डिलक्स मोटरसाइकिल, एक पोको एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 460 रुपये नकद बरामद हुए.

पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 1.095 किलोग्राम बहुमूल्य पन्ना, दो दोपहिया वाहन, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 2,300 रुपये नकद जब्त किए हैं. जब्त किए गए सभी सामान को कानूनी प्रक्रिया के तहत पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है और आगे की जांच जारी है.

पकड़े गए आरोपी का आपराधिक इतिहास

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला है कि मुख्य आरोपी विनय पातर का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है. उसके खिलाफ 2018 में गुड़ाबांदा थाना में खनिज तस्करी और चोरी से संबंधित मामले दर्ज हैं. इससे पुलिस को संदेह है कि वह लंबे समय से अवैध खनिज कारोबार से जुड़ा हो सकता है. अब पुलिस उसके पुराने संपर्कों और आर्थिक लेन-देन की भी जांच कर रही है.

विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के अलावा भारतीय वन अधिनियम, 1927, पुरावशेष तथा बहुमूल्य कलाकृति अधिनियम, 1972 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए कानूनी कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है.

पुलिस करेगी अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह सक्रिय होने की पुष्टि

पुलिस फिलहाल इस बात की गहन जांच कर रही है कि बरामद पन्ना किस खदान या क्षेत्र से लाया गया था, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इसके पीछे कोई अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह सक्रिय है या नहीं? पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, चैट, बैंकिंग लेन-देन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके.

 

जारी रहेगा रत्नों की तस्करी के खिलाफ अभियान: पुलिस

पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने साफ किया है कि जिले में अवैध खनन, बहुमूल्य खनिजों और रत्नों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें इस तरह की किसी अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.

पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, घाटशिला ने किया. छापेमारी अभियान में बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा, अनुसंधानकर्ता रामप्रवेश राय, राहुल कुमार, पंकज कुमार पासवान, ओम शरण सहित कई पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल रहे. पुलिस अधिकारियों ने समन्वित कार्रवाई करते हुए बिना किसी अप्रिय घटना के आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की.

Share this News...