छात्र आंदोलन के बीच CM हेमंत सोरेन को जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार

रांची: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. मामले में रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बोकारो जिले के रहने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.

आंदोलन के दौरान बनाया गया वीडियो

पुलिस के मुताबिक, रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और अनियमितताओं के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं. इसी दौरान एक वीडियो सामने आया, जिसमें एक युवक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल करता दिखाई दे रहा है. वायरल वीडियो में आरोपी द्वारा मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप है. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और इसे गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई.

अभ्यर्थियों को भड़काने का भी आरोप

पुलिस जांच में यह भी आरोप सामने आया है कि युवक ने आंदोलन स्थल पर मौजूद अभ्यर्थियों को कथित तौर पर भड़काने और उकसाने का प्रयास किया. पुलिस का कहना है कि आंदोलन के दौरान इस तरह की धमकी और भड़काऊ बयान से माहौल बिगड़ने की आशंका थी. मामले की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की. इसके बाद बोकारो से आरोपी को गिरफ्तार कर रांची लाया गया.

Share this News...