रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को आएंगे दुमका, सीता सोरेन के पक्ष में करेंगे जनसभा को संबोधित

दुमका , भारत सरकार के रक्षा मंत्री और भाजपा के दिग्गज नेताओं में शुमार राजनाथ सिंह शुक्रवार को उपराजधानी दुमका पहुंचेंगे। श्री सिंह यहां के यज्ञ मैदान में भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उक्त जानकारी भाजपा के मीडिया प्रभारी पिंटू अग्रवाल ने दी है। उन्होंने बताया कि दुमका में जनसभा को संबोधित करने के बाद श्री सिंह गोड्डा पहुंचेंगे। श्री सिंह गोड्डा लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ निशिकांत दुबे के पक्ष में रोड-शो करने के साथ नामांकन में भी शामिल होंगे। यहां बताते चलें कि दुमका लोकसभा चुनाव में झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन की बड़ी बहू और दिवंगत दुर्गा सोरेन की पत्नी सीता सोरेन भाजपा प्रत्याशी के रूप में पहली बार सोरेन परिवार से राजनीतिक रिश्ता तोड़ कर भाजपा के साथ हैं। वहीं झामुमो के तरफ से पहली बार गुरु जी परिवार का सदस्य लोकसभा चुनाव में नहीं है। पार्टी द्वारा शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से सात टर्म के विधायक नलिन सोरेन जैसे अनुभवी नेता को प्रत्याशी बनाया गया है। अब देखना यह रोचक होगा कि रिश्ते में चाचा श्वसुर को जनता पसंद करती है या फिर बहु को देगी अपना आशीर्वाद। फिलहाल दुमका के मौसम का तापमान में गिरावट आई है परन्तु राजनीतिक तपिश काफी गर्म महसूस की जा रही है।

Share this News...