पीएम मोदी का विपक्ष और अफवाहों पर हमला, बोले- कुछ लोगों को देश को डराने में मजा आता

PM मोदी बोले कोरोना से युद्ध तक, खाद-पेट्रोल की अफवाह फैलायी

नई दिल्ली:15 अगस्त
80वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले एक दशक में देश के सामने आई चुनौतियों और उपलब्धियों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी, वैश्विक संघर्षों और ऊर्जा संकट जैसे कठिन दौर में कुछ लोगों ने लगातार देश में भय और निराशा का माहौल बनाने की कोशिश की. प्रधानमंत्री ने कहा कि कभी वैक्सीन की उपलब्धता पर सवाल उठाए गए तो कभी पेट्रोल, गैस और खाद की कमी की आशंकाएं जताई गईं, लेकिन भारत ने अपनी मजबूत नीतियों और आत्मनिर्भरता के संकल्प से हर चुनौती का सामना किया. उन्होंने गैस कनेक्शन, सौर ऊर्जा और रेलवे विद्युतीकरण की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया.

गैस से लेकर मुफ्त बिजली तक; 12 साल की उपलब्धियों को गिनााया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर ध्वजारोहण करने के बाद 13वीं बार देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा, “2014 से पहले, यानी आज से 12 साल पहले, हमारे देश में पाइप से गैस पहुंचाने की सुविधा सिर्फ 70 शहरों में थी. इन 12 सालों में हमने इसे 700 शहरों तक बढ़ाया है. इसे ही रफ़्तार कहते हैं. इसे ही बड़े पैमाने पर काम करना कहते हैं. 2014 से पहले, पाइप वाली गैस मुश्किल से 20 से 22 लाख घरों तक पहुंचती थी. आज ये लगभग 1.75 करोड़ घरों तक पहुंच रही है. बारह साल पहले, देश की सोलर एनर्जी क्षमता सिर्फ 2 गीगावाट थी. आज हमने 160 गीगावाट का लक्ष्य हासिल कर लिया है. हमने इस बात पर भी पूरा ध्यान दिया है कि इसका फायदा देश के मिडिल क्लास और आम परिवारों तक पहुंचे. हमने ‘पीएम सूर्य घर,मुफ्त बिजली योजना’ शुरू की. आज, मुझे खुशी है कि इतने कम समय में हमने 50 लाख घरों में सोलर एनर्जी अपनाने का माइलस्टोन पार कर लिया है, और यह काम तेज़ी से आगे बढ़ रहा है.”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं, “मेरे प्यारे देशवासियों, आपको यह जानकर हैरानी होगी कि हमारे देश में रेलवे के विद्युतीकरण का काम 1925 में ही शुरू हो गया था. लेकिन 90 सालों में, 1925 से लेकर 90 सालों तक रेलवे नेटवर्क का सिर्फ़ 30 फीसदी हिस्सा ही विद्युतीकृत हो पाया था. 90 सालों में 30 फीसदी बनाम 10 सालों में 70 फीसदी! नतीजे देने का मतलब यही होता है.”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “बीते वर्षों में हमारा दृढ़ विश्वास रहा है कि भारत को अब दूसरे देशों पर निर्भर रह कर नहीं जीना है. हमें आत्मनिर्भर बनना चाहिए.”
2047 का लक्ष्य दोहराया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “पिछले 10-12 सालों से हम 2047 के लक्ष्य को पाने के लिए लगातार आगे बढ़ रहे हैं और एक के बाद एक मील का पत्थर हासिल कर रहे हैं. हमने कभी नहीं सोचा था कि इस सफर में हमें ऐसी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा. पिछले 10-12 सालों में देखिए, हमें कितने संकटों का सामना करना पड़ा! कोरोना जैसी वैश्विक महामारी ने पूरी दुनिया को गहरी चिंता में डाल दिया और हर जगह सिस्टम चरमरा गए. जैसे ही हम कोरोना से बाहर निकले, युद्ध की भयावह खबरें आने लगीं. एक तरफ यूक्रेन और दूसरी तरफ पश्चिम एशिया. हर तरफ तनाव का माहौल था. कौन जानता है कि भविष्य बताने वालों ने क्या-क्या डरावनी बातें कही थीं! देश को डराना, लोगों को भयभीत और चिंतित रखना- कुछ लोगों को ऐसा करने में बहुत मजा आता था. वे कहते थे, ‘वैक्सीन नहीं मिलेगी, लोग कोविड से नहीं बचेंगे; कुछ भी अच्छा नहीं होगा.’

Share this News...