नई दिल्ली:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली मेट्रो से यात्रा की. वे श्री राम कॉलेज ऑफ़ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. पीएम समारोह के लिए मौके पर पहुंच गए हैं. वो ऐसे समय में एसआरसीसी के कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं, जब भाजपा ने युवा पीढ़ी तक पहुंच बनाने के अपने प्रयास तेज किए हैं.
प्रधानमंत्री ने इस साल अप्रैल में कॉलेज की 100वीं वर्षगांठ के मौके पर अपने आवास पर कॉलेज के शासी मंडल और एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी. इस अवसर पर उन्होंने एक विशेष डाक टिकट भी जारी किया था.
इससे पहले पीएम ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शनिवार शाम को एक पोस्ट में कहा, ‘‘कुछ ही देर में, शाम सात बजे, मैं दिल्ली विश्वविद्यालय के मशहूर श्री राम कॉलेज ऑफ़ कॉमर्स (एसआरसीसी) के शताब्दी समारोह में शामिल होने के लिए वहां पहुंचूंगा. इस महाविद्यालय ने बरसों से अपनी अलग पहचान बनाई है. यह शैक्षणिक उत्कृष्टता, संस्थान निर्माण और कारोबार, सार्वजनिक जीवन तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व की नई पीढ़ियों को तैयार करने के लिए जाना जाता है.”
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स भारत के प्रमुख उच्च शिक्षा संस्थानों में से एक है और वाणिज्य, अर्थशास्त्र तथा प्रबंधन के क्षेत्र में शिक्षा का एक प्रमुख केंद्र है.
प्रख्यात उद्योगपति और जरूरतमंदों की सहायता करने वाले सर श्री राम ने 1926 में इस कॉलेज की स्थापना की थी. कॉलेज ने एक शताब्दी के दौरान विद्वानों, पेशेवरों, प्रशासकों, उद्यमियों, नीति-निर्माताओं और राष्ट्र-निर्माताओं की अनेक पीढ़ियां तैयार की हैं.
शताब्दी समारोह
