विरोध पर चाकू से हमला
जमशेदपुर : मंगलवार देर रात भी परसुडीह थाना क्षेत्र में एक रेलवे कर्मी से लूट की घटना हुई. विरोध करने पर बदमाश ने उनपर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. इसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए. इलाज के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया. परसुडीह पुलिस के अलावा रेल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. रेलवे के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता जुनैल केरकेट्टा (45) देर रात ड्यूटी खत्म कर घर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और उनसे मोबाइल और नगदी की लूट कर ली. इसका विरोध करने पर उनपर कई बार चाकू से हमला किया गया. लहूलुहान अवस्था में वे किसी तरह अपने कार्यालय वापस लौटे और पूरी घटना की जानकारी दी. सहकर्मियों ने उन्हें इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया. यहां से उन्हें टाटा मोटर्स अस्पताल रेफर कर दिया गया.
परसुडीह स्थित लोको फाटक स्थित रेल पटरी पर ही बदमाशों ने उन्हें घर लिया और उनपर हमला किया. इस घटना से रेल कर्मियों में दहशत है. रेल कर्मियों का कहना है कि रात के समय अक्सर रेल पटरी पर असामाजिक तत्व अड्डेबाजी करते हैं. ऐसे में घटना की आशंका बनी रहती है. रात से समय घर वापस जाने में डर लगता है. रेल कर्मियों ने पुलिस से लोको फाटक क्षेत्र में रात के समय गश्ती बढ़ाने की मांग की है. इधर, पुलिस रेल कर्मी पर हमला करने वालों की तलाश में छापेमारी कर रही है. पुलिस बदमाशों को जल्द पकड़ने का दावा कर रही है.
