झारखंड में सिर्फ 1.69 लाख लोगों ने स्व-गणना में भरा ऑनलाइन फॉर्म, आज से घर-घर सर्वे शुरू

रांचीः झारखंड में जनगणना के पहले चरण में 1 से 15 मई तक लोगों ने ऑनलाइन फॉर्म भरा। इस दौरान 1 लाख 69 हजार लोगों ने स्वगणना में भाग लेकर अपनी जानकारी दर्ज कराई। अब राज्य में शनिवार 16 मई से घर-घर सर्वे शुरू हो गया है। घर-घर सर्वे का काम 14 जून 2026 का चलेगा।

रांची में 46629 लोगों ने स्व-गणना में फॉर्म भरा

भारत सरकार के जनगणना कार्य निदेशालय के आंकड़ों के मुताबिक स्व-गणना में सबसे ज्यादा रांची जिले के लोगों ने रुचि दिखलाई। रांची जिले में स्व-गणना में भाग लेने वालों की संख्या 46629 है। वहीं, दूसरे नंबर पर पूर्वी सिंहभूम है, जहां 18807 लोगों ने स्व-गणना किया है। सबसे कम पाकुड़ जिला में स्व-गणना हुआ है। यहां मात्र 2410 लोगों ने ऑनलाइन फॉर्म भरा है।

अब 16 मई से 14 जून 2026 तक घर-घर सर्वे

भारत सरकार के जनगणना निदेशालय के अनुसार स्व-गणना के बाद अब 16 मई से 14 जून 2026 तक घर-घर सर्वे की शुरुआत हुई है। स्व-गणना कम होने के पीछे इच्छा शक्ति का अभाव माना जा सकता है। इसके लिए लगातार विभिन्न माध्यमों से जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
मकानों की सूची और हाउस लिस्टिंग होगी

डिजिटल माध्यम से पहली बार हो रहे जनगणना के पहले चरण झारखंड में स्व-गणना के बाद आज 16 मई से 14 जून 2026 तक घर-घर सर्वे होगा। इसके तहत मकानों की सूची और हाउस लिस्टिंग होगी तत्पश्चात दूसरे और अंतिम चरण फरवरी 2027 में होगा, जिसमें जनसंख्या की गणना की जाएगी। इसके लिए राज्य सरकार के करीब 75हजार कर्मचारी लगाए गए हैं।
जनगणना के हर कर्मचारी के 25 हजार का मानदेय

सरकार इस कार्य के लिए प्रत्येक कर्मचारी को 25 हजार रुपए मानदेय देगी। हाउस सर्वे में प्रगणक को 9000 रुपए मिलेगा, वहीं जनसंख्या गणना के दौरान 16000 रुपए मिलेगा। प्रत्येक प्रगणक को अधिकतम 200 घर का गणना करनी होगी। इधर, आज से शुरू हुए हाउस लिस्टिंग में लगे शिक्षकों के लिए शिक्षा विभाग ने पत्र जारी कर स्कूल कार्य के पश्चात सुबह 10 बजे के बाद विद्यालय से प्रस्थान करने का निर्देश दिया है।

जनगणना 2011 के अनुसार झारखंड की जनसंख्या 3.29 करोड़

पिछली जनगणना 2011 में हुई थी, जिसके अनुसार राज्य की कुल जनसंख्या लगभग 3.3 करोड़ (32,988,134) थी. एक अनुमान के मुताबिक वर्तमान में राज्य की अनुमानित जनसंख्या 4.12 करोड़ से 4.15 करोड़ के बीच होने की संभावना है।

Share this News...