एनएच 32 : बुधवार की रात से पितकी-जामडीह में थम गये वाहनों के पहिये

आजसू पार्टी सड़क सुदृढ़ीकरण के मांग पर शनिवार को करेगी विशाल धरना प्रदर्शन

चांडिल : चांडिल-धनबाद एनएच 32 के लुपुंगडीह से जामडीह तक सड़क काफी जर्जर हो गया है। काफी महत्वपूर्ण सड़क होने के कारण दिन रात वाहनों की आवागमन होती है।सड़क का इतना दयनीय दशा बन गया है कि सड़क पर गड्ढे है या गड्ढे में सड़क कहना मुश्किल है। प्रतिदिन कई घंटे जाम लगना साधारण है। अब तो दो दिन तक सड़क जाम रहती है। बुधवार रात से सड़क जाम है, रघुनाथपुर से पितकी तक करीब 10 किलोमीटर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। दो पहिये वाहन व पैदल यात्रियों को भी चलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय सांसद संजय सेठ ने चार अगस्त को पत्र लिखकर सड़क की सुदृढ़ीकरण के लिए केंद्रीय राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से आग्रह किया था। केंद्रीय मंत्री ने तत्काल संज्ञान में लेते हुए पांच अगस्त को संबंधित अधिकारियों को सड़क की सुदृढ़ीकरण के लिए पत्र के माध्यम से निर्देश दिया। उसके बाद सड़क चौड़ीकरण कार्य कर रही कंपनी द्वारा खानापूर्ति करते हुए गड्ढे में मिट्टी भर दिया गया। बारिश में मिट्टी गिला होकर कीचड़ बन गया है। अब सड़क में लगभग एक से दो फीट तक कीचड़ जमा हो गया। जिसमें निरंतर वाहनों का फंसना जारी है। वाहनों व लोगों का आवागमन बाधित हो गया है। सड़क सुदृढ़ीकरण के मांग पर आजसू पार्टी के नीमडीह प्रखंड अध्यक्ष दिगंबर सिंह सरदार के नेतृत्व में नीमडीह प्रखंड के निवासी व पार्टी के कार्यकर्ता शनिवार को एनएच 32 के किनारे कुशपुतुल गांव के बढ़तल में विशाल धरना प्रदर्शन करेगी। इस संबंध में दिगंबर सिंह ने बताया कि धरना प्रदर्शन की सूचना अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल को लिखित रूप से दी गई। धरना प्रदर्शन को आजसू के केंद्रीय सचिव हरेलाल महतो, सरायकेला खरसावां जिला के पार्टी के प्रधान सचिव सह नीमडीह के जिप सदस्य असित सिंह पात्र आदि संबोधित करेंगे। दिगंबर सिंह ने कहा कि जर्जर सड़क के कारण चांडिल अनुमंडल के निवासियों के साथ झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओड़िशा, बिहार आदि राज्यों के यात्रियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक मुश्किलों का सामना मरीज व उनके परिजनों को करना पड़ रहा है। दिगंबर सिंह ने कहा कि ओवरब्रिज निर्माण करनेवाली कंपनी को पुराना सड़क को अच्छी तरह से मरम्मत करना चाहिए।

Share this News...