t
गिरिडीह: झारखण्ड के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर एवं आवास, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन हो गया. उन्होंने गिरिडीह शहर के बस पड़ाव के पास स्थित मर्सी अस्पताल में अंतिम सांस ली.
जानकारी के अनुसार, मंत्री पिछले कई दिनों से गिरिडीह से बाहर थे और दो दिन पहले ही लौटे थे. शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि वे हरसिंगरायडीह स्थित अपने घर पर थे, जहां अचानक उनके सीने में दर्द हुआ.
दर्द की शिकायत पर उन्हें रात में ही मर्सी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच और इलाज शुरू किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका.
JMM की ओर से शोक जताते हुए X पर लिखा गया- ‘ज़िंदगी की क्षणभंगुरता… कल तक जो साथी हमारे बीच थे, आज उनकी स्मृतियाँ ही हमारे साथ हैं। जीवन की अनिश्चितता हमें एक बार फिर गहरे दुःख और शोक में छोड़ गई है।’
टीचर्स-डे के प्रोग्राम में शामिल हुए थे
सुदिव्य कुमार सोनू 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे। शनिवार को ही गिरिडीह के इस्लामिया उर्दू मिडिल स्कूल के शताब्दी समारोह में भी उनकी मौजूदगी रही थी।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्कूलों को कंप्यूटर उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया था।
हेमंत कैबिनेट में 4 विभागों की जिम्मेदारी थी
सुदिव्य कुमार सोनू वर्तमान में गिरिडीह सदर विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। उन्होंने 2019 में पहली बार गिरिडीह सदर सीट से चुनाव जीता था।
इसके बाद 2024 के विधानसभा चुनाव में दूसरी बार जीत दर्ज की और हेमंत सोरेन सरकार में कैबिनेट मंत्री बने।
उनके पास पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के साथ नगर विकास और उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी थी।
मंत्री के निधन से घरवालों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। खबर सुनते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और आम जनता बड़ी संख्या में पहुंचे. दूसरी ओर जिलाधिकारी, एसपी, धनबाद एसएसपी सहित कई अधिकारियों का भी जमावड़ा लगने लगा.
