आसंगी में कृष्णा सिटी के निजी मार्ग पर बाहरी लोगों के प्रवेश का विरोध, कुछ बाहरी बिल्डरों पर अवैध हस्तक्षेप का आरोप

आदित्यपुर। प्रियदर्शिनी होम्स के निदेशक संजय कुमार मोहंती ने आसंगी स्थित अपने आवासीय प्रोजेक्ट “श्री कृष्णा सिटी” के निजी प्रवेश मार्ग पर बाहरी लोगों की आवाजाही का विरोध करते हुए कुछ बिल्डरों, भूमाफियाओं और असामाजिक तत्वों पर अवैध हस्तक्षेप का आरोप लगाया है। उन्होंने इस संबंध में मीडिया के समक्ष लिखित बयान जारी कर प्रशासन से जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मोहंती के अनुसार, आरआईटी थाना क्षेत्र के मौजा आसंगी स्थित इस प्रोजेक्ट की जमीन वर्ष 2010-11 में खरीदी गई थी। इसके बाद प्लॉटिंग, सड़क निर्माण तथा मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण कराया गया। उनका दावा है कि श्री कृष्णा सिटी का मुख्य प्रवेश मार्ग उनकी निजी खरीदी गई भूमि पर निर्मित है और परिसर की सुरक्षा के लिए मुख्य गेट पर सुरक्षा गार्ड भी तैनात हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ बाहरी बिल्डर अपने ग्राहकों को इसी निजी मार्ग से आवागमन कराने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि संबंधित प्लॉटों तक पहुंचने के लिए इस मार्ग का कोई वैधानिक अधिकार नहीं है। उनका कहना है कि गलत दस्तावेजों के आधार पर लोगों को भ्रमित कर उनकी निजी संपत्ति का उपयोग करने का प्रयास किया जा रहा है।
संजय कुमार मोहंती ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर सुरक्षा गार्डों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी अनुमति के बिना किसी भी बाहरी बिल्डर अथवा उसके ग्राहकों को श्री कृष्णा सिटी के निजी परिसर और प्रवेश मार्ग का उपयोग नहीं करने दिया जाएगा।
उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है. इस मौके पर आसंगी के ग्रमीण मौजूद थे.

Share this News...