झुमरीतिलैया – कोडरमा जिले के लिए गर्व की बात है कि सी एच स्कूल के एनसीसी कैडेट आकाश कुमार ने अरुणाचल प्रदेश स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड एडवेंचर स्पोर्ट्स दिरांग से एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स सफलतापूर्वक पूरा कर जिले का नाम रोशन किया है। आकाश कुमार यह उपलब्धि हासिल करने वाले कोडरमा जिले के पहले एनसीसी कैडेट बन गए हैं।
महज 17 वर्ष की उम्र में आकाश ने यह मुकाम हासिल कर जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनने का कार्य किया है। उन्होंने लगभग एक महीने तक अरुणाचल प्रदेश के दुर्गम और बर्फीले इलाकों में रहकर कठिन प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान वे चीन सीमा के निकट ऐसे क्षेत्र में रहे, जहां चारों ओर सिर्फ बर्फ ही बर्फ थी। इस दौरान उन्होंने भारतीय तिरंगा फहराकर अपने अदम्य साहस और देशभक्ति का परिचय दिया।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में नेटवर्क सुविधा नहीं होने के कारण आकाश अपने परिवार से भी संपर्क में नहीं रह सके। कठिन परिस्थितियों के बीच बर्फीले इलाके में तंबू में रहकर उन्होंने यह प्रशिक्षण पूरा किया।
आकाश कुमार मूल रूप से कोडरमा जिले के कोरियाडीह गांव के निवासी हैं। उनके पिता तमिलनाडु में पोकलेन मशीन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद आकाश ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल की है।
आकाश ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, बटालियन के कमांडिंग अधिकारी विजय कुमार (सेना मेडल), विद्यालय की शिक्षिका सह एएनओ लेफ्टिनेंट राधिका, स्कूल के प्राचार्य कृष्णकांत तिवारी एवं एनसीसी अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में पर्वतारोहण के क्षेत्र में और बड़े स्तर पर देश का नाम रोशन करना उनका सपना है।
आकाश की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, स्थानीय लोगों एवं जिलेवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। वर्तमान में आकाश दिरांग में ही हैं और 21 मई तक उनके कोडरमा लौटने की संभावना है।
