क्रिस गेल की कप्तानी में खेलेंगे शहर के अज़हर, चर्चित बिग क्रिकेट लीग सीज़न-2 का आगाज़ 3 जून से दिल्ली में

, क्रिस
गेल की कप्तानी में खेलना उनके लिए गर्व की बात है-अजहर
खरसावां
जमशेदपुर के प्रिंस अज़हर इस बार वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज और विश्व क्रिकेट के सबसे खतरनाक खिलाड़ियों में गिने जाने वाले क्रिस गेल की कप्तानी में नॉर्दर्न चौलेंजर्स की टीम से खेलते हुए नजर आएंगे। टीम में श्रीलंका के पूर्व कप्तान तिलकरत्ने दिलशान भारत की विश्व विजेता टीम के सदस्य एस. श्रीसंत सहित कई अन्य अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं। इस बार लीग पहले से ज्यादा रोमांचक और आकर्षक होने वाली है। लीग में कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें अन्तर्राष्ट्रीय सितारों के साथ देशभर के स्थानीय प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी खेलने का मौका मिलेगा। अज़हर के अलावा शहर के दो अन्य खिलाड़ी विशाल प्रसाद और शुभम सिंह का चयन भी इस लीग के लिए हुआ है। भारत के 16 बड़े शहरों में हुए फिजिकल तथा डिजिटल ट्रायल में देश भर के लगभग 25000 से ज्यादा क्रिकेटरों ने हिस्सा लिया था, जिसमें से कुल 60 क्रिकेटरों का चयन बिग क्रिकेट लीग के लिए किया गया है । सीज़न-2 में वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल, भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन, ऑलराउंडर इरफान पठान भारत के महान स्पिनर हरभजन सिंह न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल के साथ श्रीलंका के एंजेलो मैथ्यूज, तिशारा परेरा और पवन नेगी जैसे कई बड़े नाम शामिल हैं। बिग क्रिकेट लीग में जमशेदपुर के जाने-माने अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेटर और वर्तमान में झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) के सचिव सौरभ तिवारी भी एमपी टाइगर्स की टीम से खेलते हुए नज़र आ सकते हैं, जिससे झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। अज़हर ने कहा कि क्रिस गेल जैसे दिग्गज खिलाड़ी की कप्तानी में खेलना उनके लिए गर्व की बात है और सीखने का बड़ा मौका है। गौरतलब है कि अज़हर बिग क्रिकेट लीग सीज़न-1 में भी खेले थे और भारत के पूर्व ऑलराउंडर यूसुफ पठान की कप्तानी वाले टीम एमपी टाइगर्स का हिस्सा थे। भारत के पूर्व कप्तान और लीग के कमिश्नर दिलीप वेंगसरकर, भारत के पूर्व तेज गेंदबाज और लीग के प्रेसिडेंट रुद्र प्रताप सिंह,वेस्ट इंडीज के महान तेज गेंदबाज लीग के वाइस प्रेसिडेंट कोर्टनी वाल्श और लीग के को-फाउंडर अनिरुद्ध चौहान ने सभी चयनित क्रिकेटरों को बधाई देते हुए सीज़न-2 के लिए शुभकामनाएं दी।
खरसावांः फोटो संख्या 1 जमशेदपुर के मो अज़हर उर्फ प्रिंस।

Share this News...