कर्नाटक HC के जज ने हिजाब विवाद बड़ी बेंच को किया रेफर

बेंगलुरु स्कूल-कॉलेज परिसर में हिजाब पर पाबंदी से जुड़े मामलों की सुनवाई कर रहे कर्नाटक उच्च न्यायालय के एकल न्यायाधीश ने बुधवार को इस मामले को मुख्य न्यायाधीश रितु राज अवस्थी के पास इस राय के साथ भेज दिया कि मुख्य न्यायाधीश मामले पर गौर करने के लिए बड़ी पीठ के गठन का फैसला कर सकते हैं। कक्षाओं में हिजाब को लेकर प्रतिबंध के खिलाफ कुछ याचिकाओं पर मंगलवार से सुनवाई कर रहे न्यायमूर्ति कृष्णा एस दीक्षित ने कहा कि पर्सनल लॉ के कुछ पहलुओं के मद्देनजर ये मामले बुनियादी महत्व के कुछ संवैधानिक प्रश्नों को उठाते हैं। उधर, हिजाब विवाद के बीच कर्नाटक के राजस्व मंत्री आर अशोक ने कहा कि राज्य सरकार न तो हिजाब के पक्ष में है और न ही केसरिया के। उन्होंने यह भी कहा कि छात्र जो चाहें पहन सकते हैं, लेकिन स्कूलों में ड्रेस कोड अनिवार्य है।

न्यायमूर्ति दीक्षित ने कहा, ‘‘ऐसे मुद्दे जिन पर बहस हुई और महत्वपूर्ण सवालों की व्यापकता को देखते हुए अदालत का विचार है कि मुख्य न्यायाधीश को यह तय करना चाहिए कि क्या इस विषय में एक बड़ी पीठ का गठन किया जा सकता है।’’ न्यायमूर्ति दीक्षित ने आदेश में कहा, ‘‘पीठ का यह भी विचार है कि अंतरिम अर्जियों को भी बड़ी पीठ के समक्ष रखा जाना चाहिए, जिसका गठन मुख्य न्यायाधीश अवस्थी द्वारा किया जा सकता है।’’

राज्य के उडुपी जिले के सरकारी महाविद्यालयों में पढ़ने वाली कुछ मुस्लिम लड़कियों ने हिजाब के साथ कक्षाओं में प्रवेश पर रोक के खिलाफ याचिका दायर की है।
ओवैसी बोले- हिजाब के अधिकार के लिए लड़ने वाली बहनों के साथ
उत्तर प्रदेश के संभल में एक चुनावी सभा के दौरान ओवैसी ने कहा, ‘मैं दुआ करता हूं कि कर्नाटक में हिजाब पहनने के अधिकार के लिए लड़ने वाली बहनें कामयाब हों। कर्नाटक में संविधान का मखौल उड़ाया जा रहा है। मैं BJP सरकार के इस फैसले की निंदा करता हूं।’
हिजाब विवाद पर राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव का बयान सामने आया है। लालू ने कहा कि पीएम मोदी के शासन में देश गृह युद्ध की ओर बढ़ रहा है। वे महंगाई, गरीबी के बारे में नहीं बल्कि अयोध्या और वाराणसी के बारे में बात कर रहे हैं। भाजपा की हताशा से पता चलता है कि वे यूपी चुनाव हार जाएंगे। वे केवल दंगों और मंदिरों के बारे में बात कर रहे हैं। 70 साल पहले हमारे पूर्वजों ने अंग्रेजों को देश छोड़ने पर मजबूर कर दिया था लेकिन अब बीजेपी के रूप में अंग्रेजों की वापसी हुई है… हम यूपी चुनाव में सपा का समर्थन करते हैं।
हेमा मालिनी बोलीं- स्कूल के बाहर जो चाहें पहनें
कर्नाटक हिजाब विवाद पर मथुरा से भाजपा की सांसद हेमा मालिनी ने कहा- स्कूल शिक्षा के लिए होते हैं और वहां धार्मिक मामलों को नहीं लाया जाना चाहिए। हर स्कूल में एक यूनिफॉर्म होती है जिसका सम्मान किया जाना चाहिए। आप स्कूल के बाहर जो चाहें पहन सकते हैं।
प्रियंका ने कहा- लड़कियां बिकिनी पहनें या हिजाब, यह उनका अधिकार
उधर, उत्तर प्रदेश में वोटिंग से एक दिन पहले प्रियंका गांधी ने ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ हैशटैग के साथ लिखा है कि महिलाओं को उनका पहनावा तय करने का अधिकार संविधान में मिला है। इसे लेकर उन्हें परेशान नहीं किया जाना चाहिए। प्रियंका ने ट्वीट किया- संविधान महिलाओं को उनका पहनावा तय करने का अधिकार देता है। वे जो चाहें वह पहन सकती हैं… फिर वो बिकिनी हो या घूंघट, जीन्स हो या हिजाब.. महिलाओं को परेशान करना बंद कीजिए।

Share this News...