झारखंड-कई जिलों में स्थिति चिंताजनक,जून महीने में मानसून की बारिश सामान्य से 54% कम

 

रांची: इस बार समय पर झारखंड में दस्तक देने के बावजूद जून महीने में मानसून की बारिश सामान्य से 54% कम हुई है. मौसम केंद्र,रांची द्वारा जारी आंकड़े के अनुसार जून 2026 में राज्य में सामान्य औसत बारिश 189.5mm की जगह महज 86.5mm (सामान्य वर्षापात से 54% कम) बारिश हुई है.

जून महीने में सिर्फ दुमका ही ऐसा जिला रहा जहां वर्षा सामान्य रहा, जबकि अन्य 23 जिलों में जून महीने में सामान्य से कम बारिश ही हुई है. साहिबगंज, गढ़वा, चतरा, गोड्डा, कोडरमा, पलामू जिले की स्थिति तो बेहद खराब है. इन जिलों में सामान्य वर्षापात से 77% से 99% तक कम बारिश हुई है.

 

एक नजर जून में झारखंड में जिलावार हुई बारिश की स्थिति पर

जिला वास्तविक वर्षापात सामान्य वर्षापात विचलन
बोकारो 53.7MM 166.6MM 68%
चतरा 35.4MM 160.5MM 78%
देवघर 72.2MM 185.8MM 61%
धनबाद 89.6MM 210.3MM 57%
दुमका 198.3MM 198.9MM 00%
पूर्वी सिंहभूम 85.0MM 235.7MM 64%
गढ़वा 9.0MM 132.4MM 93%
गिरिडीह 69.6MM 188.4MM 63%
गोड्डा 36.3MM 169.1MM 79%
गुमला 111.1MM 198.0MM 44%
हजारीबाग 55.6MM 193.2MM 71%
जामताड़ा 131.9MM 204.9MM 36%
खूंटी 81.7MM 202.4MM 60%
कोडरमा 35.1MM 155.7MM 77%
लातेहार 59.1MM 175.8MM 66%
लोहरदगा 59.7MM 195.0MM 69%
पाकुड़ 83.8MM 226.3MM 63%
पलामू 24.0MM 121.6MM 80%
रामगढ़ 79.1MM 196.5MM 60%
रांची 146.9MM 197.6MM 26%
साहिबगंज 3.2MM 227.0MM 99%
सरायकेला-खरसावां 83.3MM 204.3MM 59%
सिमडेगा 168.6MM 234.8MM 28%
पश्चिमी सिंहभूम 115.3MM 200.5MM 43%

(दुमका को छोड़ सभी जिलों में बारिश का विचलन माइनस में है,यानी सामान्य से कम बारिश हुई है जून महीने में)

अगले 10 दिनों तक मानसून के सक्रिय रहने की संभावना

जून 2026 में झारखंड के 24 में से 23 जिलों में सामान्य से कम बारिश होने की परेशान करने वाली खबर के बाद अच्छी खबर यह है कि मौसम केंद्र,रांची ने अपने पूर्वानुमान में अगले 10 दिनों तक राज्य में अच्छी बारिश होने की जानकारी दी है. वरीय मौसम पूर्वानुमान वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 03 जुलाई को उत्तर बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके प्रभाव से अगले करीब 10 दिनों तक राज्य के अधिकांश जिलों में अच्छी वर्षा होगी. इस दरम्यान मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना को देखते हुए चेतावनी भी जारी की गई है.

 

जून की तरह जुलाई में सामान्य से कम बारिश का अनुमान

जुलाई महीने के शुरुआती दिनों में अच्छी बारिश के बाद मानसूनी बारिश थम सकती है. मौसम केंद्र,रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार जुलाई माह में कुल मिलाकर सामान्य या सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है. शुरुआती डेढ़ सप्ताह तक मानसून सक्रिय रहेगा, लेकिन इसके बाद वर्षा की गतिविधियों में कमी आ सकती है. इसकी प्रमुख वजह प्रशांत महासागर में विकसित हो रही अल नीनो की स्थिति को माना जा रहा है, जिसका असर मानसून की रफ्तार पर पड़ सकता है.

2025 में जुलाई में हुई थी सामान्य से 19% अधिक बारिश

मौसम केंद्र, रांची से मिले आंकड़ों के अनुसार पिछले वर्ष यानी 2025 के जुलाई में 324.1 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जो सामान्य से 19 प्रतिशत अधिक थी. इससे पहले वर्ष 2021 में जुलाई में सामान्य से 42 प्रतिशत अधिक और वर्ष 2017 में 81 प्रतिशत अधिक वर्षापात दर्ज की गई थी.

तापमान में नहीं दिखा बड़ा बदलाव

पिछले कुछ वर्षों के आंकड़ों से पता चलता है कि जुलाई महीने में राज्य में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया है. वर्ष 2020 से 2025 के बीच अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम तापमान 21-22 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा. वर्ष 2025 में अधिकतम तापमान थोड़ा कम 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.

 

किसानों के लिए सलाह

मौसम पूर्वानुमान वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने राज्य के अन्नदाता किसानों को सलाह दी है कि वर्तमान बारिश को देखते हुए किसान सबसे पहले खेतों के निचले हिस्सों में धान की रोपाई को प्राथमिकता दें, जहां पर्याप्त पानी ठहर सकता हो. वहीं ऊंचाई या टांड़ वाले क्षेत्रों में दलहन, तिलहन, मोटे अनाज जैसी फसलों की खेती को प्राथमिकता दें.

 

 

 

 

Share this News...