नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार दिल्ली के भारत मंडपम में एनडीए की बैठक में साथी एनडीए नेताओं के साथ झालमुड़ी का स्वाद चखा. इस दौरान पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पीएम मोदी को अपने हाथों से झालमुड़ी दी.
इसको लेकर भाजपा ने कहा, झालमुड़ी का स्वाद, साथियों का विश्वास और राष्ट्रहित का संकल्प. एनडीए परिवार के साथ प्रधानमंत्री का आत्मीय पल.
बता दें कि देश भर के एनडीए नेताओं ने पीएम मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने के रिकॉर्ड बनाने को लेकर बधाई दी. पीएम मोदी ने अपने कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं. इसके साथ ही उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
इसी क्रम में पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के भारत मंडपम में देश भर के एनडीए नेताओं के साथ बैठक की. केंद्र में पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 साल पूर्ण होने और भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार चुने हुए सरकार प्रमुख के तौर पर उनकी उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए एनडीए की बैठक हो रही है.
भारत मंडपम में होने वाली इस बड़ी बैठक में देश भर से भाजपा के बड़े नेताओं के अलावा एनडीए के सहयोगी दलों के नेता, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और गठबंधन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए नेताओं के साथ दिल्ली के भारत मंडपम में ग्रुप फ़ोटो के लिए पोज़ दिया.
यह वीडियो प्रधानमंत्री मोदी ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है.
यह वीडियो प्रधानमंत्री मोदी ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. इसे शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘आज एनडीए की बैठक में साथी एनडीए नेताओं के साथ झालमुड़ी खाई.’
बंगाल चुनाव में बड़ा मुद्दा बनी थी झालमुड़ी
बंगाल चुनाव के दौरान झालमुड़ी भी एक बड़ा मुद्दा बन गई थी. 19 अप्रैल को झारग्राम में चुनावी रैली के बाद पीएम मोदी अचानक एक दुकान पर चले गए थे.
यह दुकान विक्रम शॉ की थी. दुकानदार के पास पहुंचकर पीएम मोदी ने मजेदार पंच भी मारा था. झालमुड़ी बनाते समय जब दुकानदार ने उनसे पूछा कि आप प्याज खाते हैं? तो पीएम मोदी ने कहा- ‘हां, प्याज खाते हैं… दिमाग नहीं खाते बस.’
झालमुड़ी बनाने वाले विक्रम को पीएम मोदी ने 10 रुपये भी दिए थे. पीएम मोदी ने न सिर्फ खुद झालमुड़ी खाई, बल्कि आसपास के लोगों में भी बांटी.
प्रधानमंत्री मोदी के अचानक दुकान पर जाकर झालमुड़ी खाने का वीडियो जमकर वायरल हुआ था. पीएम मोदी के झालमुड़ी खाने का फायदा ये हुआ था कि झारग्राम जिले की सभी चारों सीटें बीजेपी ने जीत ली थी.
बंगाल में पहली बार बीजेपी सरकार
बंगाल में पहली बार बीजेपी की सरकार बनी है. विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 294 में से से 207 सीटें जीती हैं. यह बीजेपी का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है. इस चुनाव में बीजेपी का वोट शेयर लगभग 46 फीसदी रहा.
इस बार बंगाल में बीजेपी की इतनी जबरदस्त आंधी चली कि 15 साल से सत्ता में रही टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई.
