भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने अपने पीए चंद्रनाथ रथ हत्या मामले में बड़ा बयान दिया है. उन्होंने चंद्रनाथ रथ की हत्या को लेकर के तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी पर निशाना साधा है. सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि मैंने भवानीपुर में ममता को हराया इसलिए चंद्रनाथ की हत्या की गई. चंद्रनाथ की मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने रात करीब साढ़े 10 बजे मध्यमग्राम के डोलतला के पास गोली मारकर के हत्या कर दी गई थी. हमलावरों ने उन पर चार गोलियां चलाई गई थी. आज चंद्रनाथ रथ का पार्थिव शरीर मध्यग्राम के अस्पताल से उनके आवास पर लाया गया.
सुवेंदु अधिकारी ने चंद्रनाथ रथ की हत्या को लेकर कहा, “इस हत्या की हम जितनी भी निंदा करें, वह काफी नहीं है. उनकी हत्या इसलिए की गई क्योंकि वे मेरे सहयोगी थे और मैंने भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराया था. यही उनकी हत्या का कारण हो सकता है. मैं उनके परिवार के साथ खड़ा हूं और परिवार की मांग है कि हत्या के दोषियों को गिरफ्तार किया जाए और उन्हें सजा दी जाए. पोस्टमार्टम से पता चला है कि उन पर चार गोलियां चलाई गईं, यह हत्या सुनियोजित थी.”
चंद्रनाथ का भाजपा से दो दशक पुराना नाता
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. चंद्रनाथ रथ वायु सेना में सेवा देने के बाद भाजपा नेता के सहयोगी बने. भारतीय वायु सेना में सेवा देने से लेकर बंगाल में निवर्तमान नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु के सबसे भरोसेमंद राजनीतिक सहयोगियों में से एक बनने वाले चंद्रनाथ का भाजपा नेता से दो दशक से अधिक पुराना नाता रहा.
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, 41 वर्षीय चंद्रनाथ मूल रूप से पूर्वी मेदिनीपुर जिले के चांदीपुर के रहने वाले थे. पूर्वी मेदिनीपुर, बंगाल की राजनीति में शुभेंदु के उदय का मुख्य केंद्र रहा है.
गंभीर बनी हुई है कार चालक की हालत
उधर, इस हमले में सुवेंदु अधिकारी के कार चालक की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है. अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रथ की कार चला रहे बुद्धदेव बेरा को गोलियां लगी हैं और उनकी कई सर्जरी हुई हैं. उन्होंने बताया कि बेरा की हालत नाजुक बनी हुई है. उनकी दो सर्जरी हुई हैं और आईसीयू में उनकी लगातार निगरानी की जा रही है. उन्होंने कहा कि डॉक्टर बेरा की हालत स्थिर करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं.
