कुकड़ू में निर्मित होगा 1000 एमटी का गोदाम

जिप अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के प्रयास से होगा निर्माण

चांडिल : अनुमंडल अंतर्गत कुकडू प्रखंड में झारखंड खाद्य निगम का एक हजार एमटी क्षमता वाला गोदाम का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए सरकार से स्वीकृति मिल गई है। प्रखंड निर्माण के 14 वर्षो के बाद सरायकेला-खरसावां के जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा के सहयोग से उपाध्यक्ष मधुश्री महतो के प्रयास से गोदाम का निर्माण होगा. गोदाम का निर्माण एक करोड़ 18 लाख 12 हजार रुपये की लागत से 0.57 एकड़ क्षेत्र में कराया जाएगा। कुकडू प्रखंड में झारखंड खाद्य निगम का एक हजार एमटी क्षमता वाला गोदाम का निर्माण की स्वीकृति देते हुए सरकार के सचिव हिमानी पांडे ने बताया कि इसके लिए मंत्री का अनुमोदन प्राप्त है।सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त के अनुरोध पर सरायकेला प्रखंड स्थल के स्थान को परिवर्तित करते हुए कुकडू प्रखंड परिसर में खाद्य भंडारण के लिए एक हजार एमटी गोदाम निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जाती है। उपायुक्त ने जानकारी दी थी कि वर्तमान में सरायकेला-खरसावा जिला के कुकडू प्रखंड में राज्य खाद्य निगम का गोदाम नहीं होने के कारण जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों, शिक्षक एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं को खाद्यान्न उठाव करने में काफी कठिनाई होती है। इसलिए कुकडू प्रखंड में एक हजार एमटी का गोदाम निर्माण की आवश्यकता है। इसके लिए पर्याप्त भूमि भी उपलब्ध है।

राशन डीलर, शिक्षक व आंगनबाड़ी सेविकाओं को होगी सुविधा

कुकड़ू में झारखंड खाद्य निगम के एक हजार एमटी का गोदाम भवन बनने से जन वितरण प्रणाली दुकानदारों के साथ शिक्षक व आंगनबाड़ी सेविकाओं को सुविधा होगी। राशन दुकान के खाद्यान्न के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों के पोषाहार योजना का खाद्यान्न और विद्यालयों के मध्यान्न भोजन के चावल का उठाव की समस्या दूर होगी। कुकडू प्रखंड के अंतर्गत सभी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और जनवितरण प्रणाली दुकानदारों को हर माह खाद्यान्न उठाव करने के लिए नीमडीह और ईचागढ़ प्रखंड में स्थित गोदाम जाना पड़ रहा है

जिप उपाध्यक्ष ने लिखा था पत्र

कुकडू प्रखंड में झारखंड राज्य खाद्य निगम के अंतर्गत नया गोदाम भवन निर्माण करने के संबंध में कुकडू के जिला परिषद सदस्य सह सरायकेला-खरसावां के जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने उपायुक्त को पत्र लिखा था। पत्र में उन्होंने बताया था कि कुकडू प्रखंड परिसर में 250 एमटी का गोदाम बना हुआ था, विभागीय कार्यों का संचालन व उपयोग नहीं होने के कारण वर्त्तमान में उक्त गोदाम काफी जर्जर अवस्था में है। उन्होंने जनहित में कुकडू प्रखंड परिसर में झारखंड राज्य खाद्य निगम के अंतर्गत एक नया गोदाम का निर्माण कराने की मांग की थी, ताकि जनवितरण प्रणाली दुकानदारों, शिक्षकों व आंगनबाड़ी संविकाओं को हो रही परेशानी से निजात मिल सके और जनता को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सके।

अब भी ईचागढ व नीमडीह पर निर्भर

सरायकेला-खरसावां के जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने बताया कि ईचागढ के पांच और नीमडीह के चार पंचायतों को मिलाकर पहली जनवरी 2009 को कुकडू प्रखंड का सृजन किया गया है। कुकडू प्रखंड कार्यालय का निर्माण पूर्ण रूप से हो चुका है, कुछ विभाग के कार्यों का निष्पादन कुकडू प्रखंड कार्यालय से किया जा रहा है। लेकिन, कुकडू प्रखंड निर्माण होने के इतने वर्ष बाद भी कुछ विभाग के कार्यों का संचालन नीमडीह एवं ईचागढ़ प्रखंड से ही हो रहा है। कुकडू प्रखंड में पूर्ण रूप से सभी विभागों के कार्यों का निष्पादन नहीं होने के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने में कठिनाई उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द कुकडू में कस्तुरबा बालिका विद्यालय का उदघाटन और जानूम पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास किया जाएगा।

Share this News...