होली पर विमानों में लग रहा तीन गुणा अधिक किराया, दिल्ली से रांची के टिकट का दाम 16 हजार; ट्रेनों में भी बुरा हाल

पुणे और बेंगलुरु की भी फ्लाइट का किराया है अधिक
रांची,23 मार्च होली को लेकर ट्रेन और बसों में जगह नहीं है। मजबूरन यात्रियों को विमान का सहारा लेना पड़ रहा है लेकिन इसके लिए यात्रियों को तीन गुणा अधिक राशि खर्च कर यात्रा करनी पड़ रही है।
शनिवार को फ्लाइट टिकट की कीमत 16 हजार रुपये तक पहुंच गई। वहीं, पुणे से रांची आने वाली फ्लाइट का भाड़ा 14 हजार रुपये और बेंगलुरु से रांची की फ्लाइट का भाड़ा साढ़े दस हजार रुपये तक रहा। ऐसे में रांची आने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है।
दूसरे राज्यों से रांची आने वाली ट्रेनों का हाल
दूसरे राज्यों से रांची आने वाली ट्रेनों का भी यही हाल है। यात्रियों के पास कोई भी विकल्प नहीं है। दिल्ली से रांची, पुणे से रांची, बेंगलुरु से रांची और चेन्नई से रांची के लिए किसी स्पेशल ट्रेन का परिचालन नहीं किया गया है। रांची स्टेशन व हटिया स्टेशन से बिहार और यूपी जाने वाली ट्रेनों में भीड़ अधिक हो रही है और सीटें भी खाली नहीं हैं।
शुक्रवार को भी स्टेशन पर भीड़ अधिक रही। मौर्य एक्सप्रेस, हटिया पटना, रांची-वाराणसी और कोलकाता जाने वाली ट्रेनों में भीड़ अधिक रही।
इस ट्रेन में सीट थीं खाली
यात्रियों को वैकल्पिक बसों का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं, एक तरफ जहां ट्रेनों में सीटें खाली नहीं मिल रहीं तो दूसरी ओर जानकारी के अभाव में हटिया-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन में शुक्रवार को 300 सीटें खाली रह गईं। शनिवार को स्थिति और खराब रही। स्पेशल ट्रेनों का किराया अधिक होने के कारण भी सीटें फुल नहीं हुई।

Share this News...