पहली सोमवारी को बाबा नगरी में उमड़ा आस्था का सैलाब

श्रावणी मेले की पहली सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है. मुख्य सावन और बांग्ला सावन के संयोग के कारण सोमवार तड़के सुबह से ही लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ के जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचने लगे. सुबह 4:30 बजे मंदिर के पट खुलने के बाद से श्रद्धालुओं का जलार्पण लगातार जारी है. मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर पूरे मंदिर परिसर तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं.

सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन मौजूद

भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है. मंदिर परिसर में क्यूआरटी (Quick Response Team) की तैनाती की गई है. वहीं विभिन्न स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल श्रद्धालुओं को पंक्तिबद्ध तरीके से जलाभिषेक कराने में जुटी है. जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन द्वारा बनाए गए सूचना केंद्र से संपर्क करें.

प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. बाबा मंदिर के पुजारी बाबा जयपाल ने बताया कि पहली सोमवारी को जितनी भीड़ का अनुमान लगाया गया था, उसी के अनुरूप श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं. उन्होंने कहा कि कृष्ण पक्ष के शुभ मुहूर्त में श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ बाबा का जलाभिषेक कर रहे हैं.

Share this News...