राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई. घटना में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है. अभी कई और लोगों के फंसे होने की आशंका है. फायर ब्रिगेड की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है. पीएम मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है. वहीं, घायलों को 50,000 रुपये दिए जाने की घोषणा की है. पीएम मोदी ने घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की प्रार्थना की है.
घायलों को केजीएमयू ट्रामा सेंटर भेजा गया है. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, डीजीपी राजीव कृष्णा, एसीएस होम संजय प्रसाद समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद हैं. केजीएमयू ट्रामा सेंटर इंचार्ज प्रेम राज सिंह ने बताया कि 22 लोगों को यहां लाया गया था. 15 डेड बॉडी आई थीं. उन्होंने बताया कि घायलों कि हालत स्टेबल है.

सीएम ने अपना दौरा रद्द किया, आ रहे लखनऊ
सीएम योगी ने अपना दौरा रद्द कर दिया है. उन्होंने कहा, ”मेरी हार्दिक इच्छा थी कि आज मैं अलीगढ़ में रहूं, लेकिन मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है, अभी अभी मुझे जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक अग्निकांड की दुखद घटना हुई है, उसकी चपेट में कुछ बच्चे आये हैं, उनकी दुखद मौत हुई है, इसलिए मुझे तत्काल वापस जाना पड़ रहा है, जिन्होंने जान खोई उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।”
सीएम ने कहा कि इस पूरे मामले के लिए पुलिस महानिदेशक व अपर मुख्य सचिव गृह को भी कहा है कि मौके पर जाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें, मैं स्वयं भी वहां प्रस्थान कर रहा हूं, जिससे इस पूरे मामले की तह में जाकर दोषियों को सजा भी दे सकें और उन पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त कर सकें.
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, “अभी ऊपरी मंजिल पर कोई नहीं है। पहली मंजिल की दीवार तोड़कर कर्मचारी अंदर गए हैं, धुंआ अधिक है। एक-एक कमरे की जांच की जा रही है। हमारी प्राथमिकता है कि सभी बच्चों को सुरक्षित निकाला जाए। प्रशासन और चिकित्सा व्यवस्था से जुड़े सभी लोगों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। एंबुलेंस मौके पर हैं।”
बताया जा रहा है कि आईटी की कोई कंपनी है, जहां बच्चे ट्रेनिंग करते हैं वही बच्चे फंसे हुए हैं. एक फायर कर्मी ने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार 10 से 12 लोग यहां पर फंसे हुए हैं. एक चश्मदीद अमन ने बताया, “यहां एक लाइब्रेरी या कंप्यूटर कोर्स का संस्थान है. जब हम यहां पहुंचे, तो हमने इमारत से धुआं निकलते देखा. हमने 5-6 लोगों को बचाया. आग लगने के बाद, एक व्यक्ति इमारत से नीचे कूद गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। अभी भी कुछ लोग अंदर फंसे हुए हैं…”
