देश का सबसे बड़ा दुश्मन कौन

देश का सबसे बड़ा दुश्मन कौन है, इस सवाल के अलग-अलग जवाब हो सकते है। लेकिन मैग्सेसे पुरस्कार विजेता सह हिमालयन इंस्टीच्यूट आफ अल्टरनेटिव लद्दाख के संस्थापक सोनम बान्चूक का मानना है कि भ्रष्टाचारी देश के सबसे बड़े दुश्मन है।श्री वान्चुक रांची में एक कार्यक्रम में भाग लेने आये थे। उनकी जीवनी पर ही अमिर खान की चर्चित फिल्म थ्री इडियट्स बनी थी। उनका कहना है कि कई लोग देश का पैसा नीचे स्तर तक नहीं जाने दे रहे है। इससे विकास का काम प्रभावित हो रहा है। ऐसे लोग राष्ट्र विरोधी है। ऐसे लोग ही देश के दुश्मन है। देश को बाहरी दुश्मन से ज्यादा ऐसे लोगों से लडऩे की जरूरत है। एक मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी कुछ ऐसी ही बात कही थी। उन्होंने कहा था कि लोग भारत माता की जय बोलते -बोलते बस की सीट पर बैठे बैठे उसके गद्दा को नोचते रहते है। वे सही मायने में भारत माता की जयकार नहीं कर रहे।
यह ऐसी गूढ़ बात है जिसे समझने की जरूरत है। रोजमर्रा के जीवन में देखे तो हम कही न कही ऐसे राष्ट्र विरोधियों के महिमा मंडन में लगे रहते है। झारखण्ड के ग्रामीण विकास विभाग के मुख्य अभियंता वीरेन्द्र राम के घर इडी की छापामारी के बाद जो खुलासे हुए है वे चौंकाने वाले है। इस अधिकारी के पास भ्रष्टाचार के इतने अधिक पैसे जमा हो गये थे कि परिवार का मासिक खर्च 25 लाख रुपये का था। इस अधिकारी का पुत्र 25 से 35 हजार की शर्ट एक बार पहनने के बाद उसे दोबारा नहीं पहनता था। इस एक अधिकारी का यहां जिक्र इसलिये क्योंकि इसके बारे में खुलासे अभी हो रहे है। ऐसे अनगिनत अधिकारी भरे पड़े है। जब अधिकारियों का आलम ऐसा है तो मंत्रियों की स्थिति क्या होगी बताने की जरूरत नहीं।
यह अजीब विडम्बना नहीं है कि आम जनमानस ऐसे ही लोगों के महिमामंडन में लगा रहता है। उसकी नजर में ऐसे ही लोग बड़े है जिनके पास आलीशान बंगला, महंगी गाडिय़ां ऐशो आराम की जिंदगी हो। आज अतीक अहमद की संपत्ति की खूब चर्चा हो रही है। 40 साल से वह सबकी छाती पर मूंग दल रहा था, सभी मूक दर्शक बने हुए थे। बीरेन्द्र राम या इन जैसो के साथ भी यही स्थिति है। जो पकड़ा गया वही चोर नहीं होता, समाज की भी जिम्मेदारी है ‘ऐसों’ को पहचानने की केवल दूसरे को दोष देने से किसी का भला होने वाला नहीं। न देश का न खुद आपका हमारा। श्री बान्चुक ने ठीक ही कहा है कि देश का एक-एक व्यक्ति राष्ट्र का सिपाही है। हरेक ईमानदार व्यक्ति नीचे से आर्थिक विकास में सहयोग कर रहा है। देश आर्थिक रुप से मजबूत होगा तो हमारी सेना भी मजबूत होगी।

Share this News...