दुर्गापूजा को लेकर केंद्रीय समिति की वार्षिक आमसभा, प्रशासन ने दिया सहयोग का आश्वासन
जमशेदपुर, 12 सितंबर (रिपोर्टर) : जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति की वार्षिक आमसभा शनिवार को सिदगोड़ा टाउन हॉल में हुई, जिसमें शहर की 327 दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए. अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष अचिंतम गुप्ता, संचालन महामंत्री आशुतोष सिंह और धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने किया. कार्यकारी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने वार्षिक प्रतिवेदन, ओमियो ओझा ने आय-व्यय का ब्यौरा और प्रदीप कुमार दास ने ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत की. तय हुआ कि इस वर्ष दुर्गापूजा महोत्सव 11 अक्टूबर से शुरू होगा और 21 अक्टूबर को भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी. परंपरा के अनुसार शंखध्वनि के साथ पूजा मंडपों का अनावरण किया जाएगा. एडीएम लॉ एंड ऑर्डर मुकेश मछुआ ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूजा संपन्न कराने की अपील की.
बैठक में मुख्य संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, दिनेश कुमार, बृजभूषण सिंह, रविंद्र झा, भीष्म सिंह, शिव शंकर सिंह, विजय वर्धा, विष्णु महानंदा, दिवाकर सिंह, अशोक सिन्हा, गौतम प्रताप, परमात्मा मिश्रा, चमनदीप गिल, असीत चक्रवर्ती, नंदलाल सिंह, देवाशीष नाहा, धर्मेंद्र प्रसाद, इन्द्रजीत, शौभिक, अजय शर्मा, सुरजीत चौधरी, आर.पी. सिंह, मनीष कुमार, हर्ष नायडू, शंभू मुखी, अर्जुन शर्मा, सुनील सिंह, राजीव सिंह व बबन शुक्ला समेत काफी संख्या में पूजा समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे.
…तो शहरी क्षेत्र में नहीं गिराने देंगे स्लैग
बैठक में स्लैग आपूर्ति को लेकर समिति ने कड़ी चिंता जताई. पिछले वर्ष आपूर्ति बंद होने और भारी बारिश से हुई परेशानियों का हवाला देते हुए कहा गया कि यदि इस वर्ष पर्याप्त स्लैग नहीं मिला तो टाटा स्टील के स्लैग को शहरी क्षेत्र में गिराने का विरोध किया जाएगा. बैठक में नशा मुक्ति अभियान को पूजा महोत्सव से जोडऩे का भी निर्णय लिया गया.
इन समस्याओं को लेकर पर उठी मांग
प्रतिनिधियों ने बर्मामाइंस व काशीडीह गोलचक्कर की ट्रैफिक समस्या, स्लैग रोड पर रोशनी, फ्लाईओवर निर्माण से खराब सडक़ों की मरम्मत, गांधी मैदान में सुरक्षा, करनडीह में नाली के गंदे पानी तथा लोको कॉलोनी में रेलवे स्लीपर हटाने की मांग उठाई.
