झारखंड की भर्ती परीक्षाओं की CBI जांच की मांंग,  संसद भवन परिसर में  बीजेपी सांसदों का हेमंत सरकार और कांग्रेस के खिलाफ हल्लाबोल

.

 

 

 

नई दिल्ली: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी, पेपर लीक और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर दिल्ली स्थित संसद भवन परिसर में झारखंड के बीजेपी सांसदों ने जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान सांसदों ने हेमंत सरकार और सरकार में शामिल कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन में भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, युवाओं के भविष्य की सुरक्षा और पिछले 6 सालों में हुई सभी विवादित भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच की मांग उठाई गई है.

कांग्रेस पर दोहरे रवैये का आरोप

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कांग्रेस पर छात्रों और युवाओं के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस दिल्ली में छात्रों के मुद्दों पर मुखर रहती है लेकिन झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल और दूसरे भर्ती परीक्षाओं में सामने आए कथित विवादों पर चुप्पी साधे हुए है. उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से झारखंड आकर युवाओं के सवालों का जवाब देने की भी मांग

19 अभ्यर्थियों की मौत का भी उठाया मुद्दा

प्रोटेस्ट के दौरान बीजेपी नेताओं ने उत्पाद सिपाही भर्ती दौड़ के दौरान 19 अभ्यर्थियों की मौत का मामला भी उठाया. आदित्य साहू ने कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए. उन्होंने मांग की कि मृत अभ्यर्थियों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए. भाजपा का कहना है कि युवाओं से जुड़े ऐसे मामलों पर सरकार और कांग्रेस को जवाब देना चाहिए.

शराब घोटाले और सीआईडी जांच पर सवाल

बीजेपी ने राज्य सरकार की जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं. झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि सरकार सीआईडी जांच के जरिए भर्ती परीक्षा से जुड़े मामलों को दबाने की कोशिश कर रही है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले कथित शराब घोटाले की जांच में भी एसीबी ने मामले की प्रभावी जांच नहीं की. भाजपा का कहना है कि इन्हीं कारणों से भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के मामलों की जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके.

सीबीआई जांच की मांग दोहराई

बीजेपी ने एक बार फिर मांग दोहराई है कि हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में हुई सभी विवादित भर्ती परीक्षाओं और कथित पेपर लीक मामलों की सीबीआई जांच कराई जाए. प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने ‘हेमंत सोरेन इस्तीफा दो’, ‘युवाओं के भविष्य का सौदा बंद करो’, ‘युवाओं का भविष्य सुरक्षित करो’ और ‘कांग्रेस दोहरी राजनीति बंद करे’ जैसे नारे लगाए गए.

प्रोटेस्ट में आदित्य साहू के अलावा निशिकांत दुबे, बीडी राम, विद्युत वरण महतो, डॉ. प्रदीप वर्मा, कालीचरण सिंह, ढुल्लू महतो और मनीष जायसवाल भी मौजूद रहे.

 

Share this News...