टाटा सन्स के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की मुंबई के पास सड़क हादसे में गई जान

टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन और उद्योगपति साइरस मिस्त्री का निधन हो गया है. एक सड़क हादसे के चलते उनका निधन हुआ है. मुंबई के पास पालघर में यह सड़क हादसा हुआ है. दुर्घटना के बाद मिस्त्री को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि टाटा संस के पूर्व अध्यक्ष साइरस मिस्त्री की रविवार को एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जब उनकी कार महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक डिवाइडर से टकरा गई.
टक्कर के बाद मर्सिडीज के एयरबैग भी खुले, लेकिन मिस्त्री समेत दो लोगों की मौत हो गई। कार में कुल चार लोग सवार थे।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक मर्सिडीज के ड्राइवर ने कार से कंट्रोल खो दिया था। इसके बाद वह रोड डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस ने मर्सिडीज कार में सवार लोगों की डीटेल जारी की है। एक्सीडेंट में साइरस मिस्त्री के साथ जहांगीर दिनशा पंडोले की भी जान चली गई है। वहीं, अनायता पंडोले (महिला) और उनके पति दरीयस पंडोले घायल हुए हैं। अनायता मुंबई में डॉक्टर हैं और कार वही ड्राइव कर रही थीं। उनके पति दरीयस मंडोल JM फाइनेंशियल के CEO हैं। जहांगीर पंडोले, दरीयस के पिता थे।

मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर दोपहर साढ़े तीन बजे हुआ हादसा
पालघर के SP बालासाहेब पाटिल ने बताया- मिस्त्री जिस कार में सवार थे, उसका नंबर MH-47-AB-6705 है। एक्सीडेंट दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अहमदाबाद से मुंबई के रास्ते में सूर्या नदी के पुल पर हुआ। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि बाकी दो लोग घायल हो गए। महाराष्ट्र के डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस ने दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया
साइरस मिस्त्री के निधन पर PM मोदी ने संवेदना व्यक्त की है। PM मोदी ने ट्वीट किया- साइरस मिस्त्री का असामयिक निधन स्तब्ध करने वाला है। वे भारत की आर्थिक शक्ति में विश्वास करते थे। उनका निधन उद्योग जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उनके परिवार और मित्रों के लिए संवेदनाएं। उनकी आत्मा को शांति मिले।
आयरलैंड में हुआ जन्म, टाटा परिवार से निजी संबंध

4 जुलाई 1968 को साइरस मिस्त्री का जन्म भारत के बड़े कारोबारी घराने में हुआ। शापूरजी पालोनजी मिस्त्री समूह के फ्लोनजी मिस्त्री के सबसे छोटे बेटे साइरस मिस्त्री की मां एक आयरिश महिला थीं। उनके पिता बाद में आयरलैंड के नागरिक बन गए। साइरस मिस्त्री का जन्म भी आयरलैंड में ही हुआ था। टाटा परिवार और उनके पिता के निजी संबंध रहे हैं। साइरस मिस्त्री की बहन अल्लू की शादी रतन टाटा के सौतेले भाई नोएल टाटा से हुई है। मिस्त्री ने वकील इकबाल छागला की बेटी और प्रसिद्ध विधिवेत्ता एमसी छागला की पोती, रोहिका छागला से शादी की।

Share this News...