बासुकीनाथ धाम पहुंचे मुख्य सचिव अविनाश कुमार, भोलेनाथ की पूजा की, श्रावणी मेला की तैयारियों का जायजा लिया

 

दुमका: झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार मंगलवार को प्रसिद्ध तीर्थ स्थान दुमका के बासुकीनाथ धाम पहुंचे. इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से भोलेनाथ और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की. पूजा के बाद मुख्य सचिव ने मंगल आरती भी की. इस दौरान दुमका उपायुक्त, एसपी व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.

डीसी-एसपी ने स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मानित

पूजा के बाद दुमका उपायुक्त अभिजीत कुमार सिन्हा, दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार और पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष मनोज पंडा ने मुख्य सचिव अविनाश कुमार को बाबा बासुकीनाथ का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया.

श्रावणी मेला की तैयारियों का लिया जायजा

पूजा अर्चना के बाद मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने बासुकीनाथ धाम में राजकीय श्रावणी मेला की तैयारियों की जानकारी ली. मुख्य सचिव ने बताया कि इस वर्ष श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. देवघर एवं बासुकीनाथ के संपूर्ण मेला क्षेत्र में एआई तकनीक का इस्तेमाल कर मेला क्षेत्र की निगरानी की जाएगी.

वहीं बासुकीनाथ धाम आने वाले कांवरियों को किसी प्रकार की कोई परेशानियों का सामना न करना पड़े इसको लेकर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरे की मदद से श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर नजर रखी जाएगी.

मंदिर में सुरक्षा के थे पुख्ता प्रबंध

मुख्य सचिव के बासुकीनाथ आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर में सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए थे. जगह-जगह पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी. उपायुक्त अभिजीत कुमार सिन्हा और पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार खुद व्यवस्था पर निगरानी बनाए हुए थे.

Share this News...