ब्रेकिंग न्यूज, नीमडीह,पुलिस पिकेट से 500 मीटर दूर मछली की रखवाली कर रहे व्यक्ति की हत्या

चांडिल। नीमडीह थाना अंतर्गत चालियामा में बीती रात एक व्यक्ति की अज्ञात अपराधियों ने हत्या कर दी है। बताया जाता है कि पत्थर से कूचकर चालियामा के टोला जाहिरटाँड़ निवासी शिवचरण सिंह की हत्या की गई हैं। पत्थर से कूचकर हत्या किए जाने से चेहरा पूरी तरह से क्षत विक्षत हो गया है। वहीं, उसके गाल पर सरिया भी घुसाया गया है। अपराधियों ने उसे काफी दर्दनाक मौत दी है।
बताया जा रहा है कि शिवचरण सिंह गांव के ही तालाब में मछली की रखवाली करने गया था। वह रोज शाम 7 बजे से देर रात तक मछली की रखवाली करता था। चालियामा के धीरेन सिंह के यहां काम करता था। धीरेन सिंह बड़ा किसान है। उसके घर में ही रहकर शिवचरण सिंह खेती बाड़ी का काम करता था। वहीं, रात को धीरेन सिंह के तालाब की रखवाली करता था। बताया जा रहा है कि तालाब से मछली की चोरी को देखते हुए धीरेन सिंह ने शिवचरण सिंह को तालाब की रखवाली करने का जिम्मा सौंपा था। आशंका जताई जा रही हैं कि मछली चोरी करने वाले लोगों ने ही शिवचरण सिंह को मौत के घाट उतार दिया है। घटनास्थल से महज 500 मीटर की दूरी पर पुलिस पिकेट भी है। वहीं, रात को ही शिवचरण सिंह के चिल्लाने की आवाज गांव के कुछ लोगों ने सुनी थी लेकिन रात में अंधेरा होने और बारिश के कारण कोई नहीं गया। लेकिन ग्रामीणों को रात को ही अनहोनी की भनक लग गई थी।
सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने जिला परिषद सदस्य एवं मुखिया को सूचना दी। मुखिया ने घटनास्थल पर शव की पहचान करने के बाद नीमडीह पुलिस को सूचना दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

Share this News...