घटना सीसीटीवी में कैद
जमशेदपुर, 30 सितंबर। संवाददाता: सोनारी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह बाइक सवार दो अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। घटना कुंज नगर के पास की बताई जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार महिला सुबह अपने बच्चों को जूनियर कार्मेल स्कूल में छोड़कर पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उसका पीछा किया। मौका मिलते ही अपराधियों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और तेजी से फरार हो गए। महिला ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।
बताया जाता है कि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
गौरतलब है कि जमशेदपुर में पिछले कुछ दिनों से लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। बैंक डकैती, ज्वेलरी दुकान में चोरी और दिनदहाड़े फायरिंग के बाद अब महिला से चेन छिनतई की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम लोगों में बढ़ते अपराध को लेकर दहशत का माहौल है।
एसएसपी डॉ. एहतेशाम के नेतृत्व में जिला पुलिस को आधुनिक तकनीकी संसाधनों से लैस किए जाने तथा शहर में सीसीटीवी कैमरों और क्यूआर कोड जैसी व्यवस्थाएं लागू किए जाने के बावजूद अपराधियों का दुस्साहस कम नहीं होना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है। अब सवाल यह है कि तकनीकी संसाधनों के बावजूद अपराधियों तक पुलिस की पहुंच क्यों नहीं बन पा रही है और लगातार हो रही घटनाओं पर प्रभावी अंकुश कब लगेगा?
